भारत-पाक जंग में उलझे रहे, उधर चीन का बड़ा खेल; तेजी से बढ़ा रहा परमाणु शक्ति
भारत और पाकिस्तान के बीच बने युद्ध जैसे हालातों के बाद हाल ही में परमाणु हथियारों को लेकर एक रिपोर्ट सामने आई है। SIPRI की रिपोर्ट के मुताबिक चीन बीते कुछ सालों से अपनी परमाणु शक्तियों को तेजी से बढा रहा है।

चीन बीते कुछ सालों से अपनी परमाणु शक्ति को तेजी से बढ़ा रहा है। एक नई रिपोर्ट के मुताबिक चीन के पास अब कम से कम 600 परमाणु हथियार हैं और जल्द ही इसकी संख्या 1000 तक भी पहुंच सकती है। यह आंकड़े अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी एक थिंक टैंक एजेंसी SIPRI ने जारी किए हैं। SIPRI की रिपोर्ट में बताया गया है कि एक अनुमान के अनुसार चीन ने 2023 और 2024 में 100 नए परमाणु वारहेड्स यानी हथियार जोड़े हैं।
स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) ने सोमवार को अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा की स्थिति और दुनिया के अलग-अलग देशों के पास मौजूद हथियारों को लेकर अपनी वार्षिक रिपोर्ट जारी की है। SIPRI 2025 रिपोर्ट में इस बात पर जोर दिया गया है कि दुनिया में परमाणु हथियारों की रेस खतरनाक रूप ले रही है और आने वाले दिनों में यह और भयावह हो सकती है। SIPRI के डायरेक्टर डैन स्मिथ ने परमाणु हथियारों पर नियंत्रण और हथियारों की इस नई रेस को लेकर चेतावनी जारी की है।
SIPRI की रिपोर्ट में क्या?
रिपोर्ट में कहा गया है कि परमाणु शक्तियों से लैस अमेरिका, रूस, ब्रिटेन, फ्रांस, चीन, भारत, पाकिस्तान, उत्तर कोरिया और इजरायल सभी नौ देशों में 2024 में परमाणु कार्यक्रम जारी रहे और मौजूदा हथियारों को और बेहतर करने की कोशिशें भी हुईं।चीन इस मामले में दुनिया की किसी भी अन्य देश की तुलना में तेजी से बढ़ रहा है। चीन के पास संभावित रूप से दशक के अंत तक कम से कम उतने ही ICBM हो सकते हैं जितने रूस या अमेरिका के पास हैं। हालांकि 2035 तक 1500 वारहेड्स की अधिकतम अनुमानित संख्या के बावजूद यह रूस और अमेरिकी परमाणु हथियारों की संख्या का लगभग एक तिहाई हिस्सा ही होगा।
रूस-अमेरिका के पास कितने परमाणु हथियार
फिलहाल रूस के पास सबसे ज्यादा न्यूक्लियर वारहेड्स हैं। रूस के पास मौजूद समय में 5,459 परमाणु हथियार हैं। वहीं अमेरिका के पास 5,177 परमाणु हथियार होने का अनुमान है। रिपोर्ट में कहा गया है कि रूस और अमेरिका के पास दुनिया के कुल परमाणु हथियारों का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा है। इसके अलावा इजरायल के पास 90 परमाणु हथियार हैं। वहीं उत्तर कोरिया के पास 40 से 50 न्यूक्लियर हथियार होने का अनुमान है।
SIPRI की रिपोर्ट में भारत पर भी बात की गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत ने 2024 में परमाणु हथियारों का थोड़ा विस्तार किया है और भारत नई तरह की परमाणु प्रणाली विकसित करने पर भी काम कर रहा है। वहीं पाकिस्तान ने भी 2024 में नई डिलीवरी सिस्टम विकसित करना जारी रखा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।