अक्षर पटेल क्यों नहीं खेल रहे MI vs DC मैच? दिल्ली के कप्तान को लेकर आया टेंशन वाला अपडेट
Axar Patel MI vs DC Match: दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल मुंबई इंडियंस के खिलाफ नहीं खेल रहे हैं। यह दिल्ली के लिए ‘करो या मरो’ मैच है।

Axar Patel: मुंबई इंडियंस (एमआई) और दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) की बुधवार को आईपीएल 2025 के 63वें मैच में टक्कर हो रही है। दोनों टीम मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आमने-सामने हैं। यह दिल्ली के लिए ‘करो या मरो’ मैच है। डीसी ने अहम मुकबाले में टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। हालांकि, डीसी के नियमित कप्तान अक्षर पटेल मुंबई के खिलाफ नहीं खेल रहे हैं। उनकी जगह उपकप्तान फाफ डुप्लेसी टॉस के लिए आए। डुप्लेसी ने स्पिनर ऑलराउंडर अक्षर को लेकर टेंशन वाला अपडेट दिया है। दरअसल, अक्षर तबीयत खराब होने के कारण नहीं खेल रहे हैं। उन्हें इंफेक्शन है।
टॉस जीतने के बाद डुप्लेसी ने कहा, 'अक्षर के लिए यह दुर्भाग्यपूर्ण है। पिछले दो दिनों से वह बहुत बीमार हैं। फ्लू से जूझ रहे हैं। हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। उन्होंने इस सीजन में हमारे लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया है और आज हम निश्चित रूप से उन्हें मिस करेंगे।'' कार्यवाहक कप्तान ने आगे कहा, ''अक्षर दो खिलाड़ी के समान हैं। वह शानदार स्पिनर और बेहतरीन बल्लेबाज हैं। इसलिए उन्हें रिप्लेस करना मुश्किल है। हमारे पास कोई समान खिलाड़ी नहीं है। देखते हैं कि क्या होता है।'' बता दें कि डीसी ने पंजाब किंग्स के खिलाफ डेब्यू करने वाले माधव तिवारी को अक्षर की जगह प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है।
वहीं. मुंबई इंडियंस ने प्लेइंग इलेवन में कॉर्बिन बॉश के स्थान पर मिचेल सैंटनर को मौका दिया। यह मैच एमआई और डीसी के लिए 'वर्चुअल क्वार्टर फाइनल' जैसा है। दोनों टीमों में प्लेऑफ के आखिरी टिकट के लिए जंग है। अगर डीसी ने मुंबई को हरा दिया तो उसकी प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रहेंगी। यदि एमआई जीत गई तो दिल्ली की टेंशन बढ़ जाएगी। ऐसे में डीसी को अपना अंतिम मैंच जीतने के साथ-साथ एमआई की हार की दुआ करनी होगी। दोनों टीमों को अपने आखिरी लीग मैच पंजाब किंग्स से खेलना है। पंजाब, गुजरात और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) प्लेऑफ में जगह पक्की कर चुकी हैं।
दिल्ली कैपिटल्स प्लेइंग इलेवन: फाफ डुप्लेसी (कप्तान), अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, आशुतोष शर्मा, ट्रिस्टन स्टब्स, दुष्मंथा चमीरा, विप्रज निगम, माधव तिवारी, कुलदीप यादव, मुस्तफिजुर रहमान, मुकेश कुमार।
मुंबई इंडियंस प्लेइंग इलेवन: रयान रिकेलटन (विकेटकीपर), रोहित शर्मा, विल जैक, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, हार्दिक पंड्या (कप्तान), नमन धीर, मिशेल सेंटनर, दीपक चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह।