बतौर कप्तान शुभमन गिल ने विराट कोहली को पीछे छोड़ा, 58 साल पुराना रिकॉर्ड किया ध्वस्त
शुभमन गिल 25 या उससे कम उम्र में इंग्लैंड में टीम का नेतृत्व करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी भी बन गए। साल 2000 के बाद उन्होंने सबसे कम उम्र में टीम का नेतृत्व करने के मामले में कोहली को पीछे छोड़ दिया है।

शुभमन गिल ने शुक्रवार को इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में उतरते ही एक बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली। वह भारत की टेस्ट टीम की कप्तानी करने वाले पांचवें सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं, जबकि 21वीं सदी में (2000 के बाद से) टेस्ट क्रिकेट में देश का नेतृत्व करने वाले सबसे युवा भारतीय बने हैं। रोहित शर्मा के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद शुभमन गिल को टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया। एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए ऋषभ पंत को टीम का उपकप्तान चुना गया है। गिल पहली बार टेस्ट में टीम का नेतृत्व कर रहे हैं, हालांकि गिल ने टी20 में भारतीय टीम का नेतृत्व किया है।
शुभमन गिल भारत के टेस्ट क्रिकेट के 93 साल के इतिहास में मंसूर अली खान पटौदी, सचिन तेंदुलकर, कपिल देव और रवि शास्त्री के बाद भारत के पांचवें सबसे युवा कप्तान बन गए हैं। शुभमन गिल ने विराट कोहली का भी रिकॉर्ड तोड़ा है। वह 21वीं सदी में (2000 से) टेस्ट क्रिकेट में टीम का नेतृत्व करने वाले सबसे युवा भारतीय बन गए हैं।
सबसे युवा भारतीय टेस्ट कप्तान
खिलाड़ी | उम्र | विपक्षी टीम | साल | वेन्यू |
---|---|---|---|---|
मंसूर अली खान पटौदी | 21 साल, 77 दिन | वेस्टइंडीज | 1962 | ब्रिजटाउन |
सचिन तेंदुलकर | 23 साल, 169 दिन | ऑस्ट्रेलिया | 1996 | दिल्ली |
कपिल देव | 24 साल, 48 दिन | वेस्टइंडीज | 1983 | किंग्स्टन |
रवि शास्त्री | 25 साल, 229 दिन | वेस्टइंडीज | 1988 | चेन्नई |
शुभमन गिल | 25 साल, 285 दिन | इंग्लैंड | 2025 | लीड्स |
शुभमन गिल ने मंसूर अली खान पटौदी का 57 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया और इंग्लैंड की धरती पर टेस्ट मैच में टीम की अगुवाई करने वाले इतिहास के सबसे युवा भारतीय बन गए। गिल 25 या उससे कम उम्र में इंग्लैंड में टीम का नेतृत्व करने वाले पहले खिलाड़ी भी बन गए।
21वीं सदी में सबसे युवा भारतीय टेस्ट कप्तान (साल 2000 के बाद)
खिलाड़ी | उम्र | विपक्षी टीम | साल | वेन्यू |
---|---|---|---|---|
शुभमन गिल | 25 साल, 285 दिन | इंग्लैंड | 2025 | लीड्स |
विराट कोहली | 26 साल, 34 दिन | ऑस्ट्रेलिया | 2014 | एडिलेड |
सचिन तेंदुलकर | 26 साल, 253 दिन | ऑस्ट्रेलिया | 2000 | सिडनी |
एमएस धोनी | 26 साल, 379 दिन | साउथ अफ्रीका | 2008 | कानपुर |
वीरेंद्र सहवाग | 27 साल, 59 दिन | श्रीलंका | 20006 | अहमदाबाद |
इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने शुक्रवार को पांच मैचों की एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले टेस्ट मैच में भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। भारत ने बाएं हाथ के बल्लेबाज बी साई सुदर्शन को टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण का मौका दिया जबकि अनुभवी मध्यक्रम बल्लेबाज करुण नायर और ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर की अंतिम एकादश में वापसी हुई।