सॉरी, मैं भी आपके जितना ही परेशान रहा...दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने टीम के सभी फैंस से मांगी माफी
दिल्ली कैपिटल्स के IPL 2025 के प्लेऑफ से बाहर होने के बाद टीम के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने सभी फैंस से माफी मांगी है। उन्होंने कहा कि शुरुआत जितनी शानदार रही, अंत निराशाजनक रहा। जिंदल ने कहा कि अब टीम का सारा फोकस अगले मैच को जीतने पर है। उन्होंने सीजन के बाद खराब प्रदर्शन की समीक्षा की भी बात कही।

आईपीएल 2025 की शुरुआत में प्लेऑफ की सबसे प्रबल दावेदार मानी जा रही दिल्ली कैपिटल्स ने अपने प्रदर्शन से प्रशंसकों को निराश किया है। बुधवार को वह मुंबई इंडियंस से 59 रनों से हारकर प्लेऑफ की रेस से आधिकारिक तौर पर बाहर हो गई। मैच खत्म होने के बाद देर रात दिल्ली कैपिटल्स के सह-मालिक पार्थ जिंदल ने एक्स पर पोस्ट करके टीम के सभी प्रशंसकों से माफी मांगी है।
जिंदल ने देर रात 1 बजकर 36 मिनट पर एक्स पर पोस्ट किया, ‘दिल्ली कैपिटल्स के सभी फैंस से सॉरी- आपकी तरह ही मैं भी इस सीजन के बाद वाले आधे हिस्से में परेशान रहा। शुरुआत जितनी शानदार हुई थी, अंत उतना ही और बहुत ही ज्यादा खराब रहा। इस अभियान से कुछ सकारात्मक चीजें भी निकली हैं लेकिन अब सारा फोकस अगले मैच पर है, जिसे हमें जीतने की जरूरत है। सीजन खत्म होने के बाद तमाम पहलुओं पर तमाम चीजों के आत्मपरीक्षण की जरूरत होगी।’
दिल्ली कैपिटल्स के लिए आईपीएल 2025 का आगाज जबरदस्त रहा था। उसने अपने शुरुआती 4 मैचों में लगातार जीत हासिल की। पांचवें मैच में मुंबई इंडियंस से हार के बाद उसने छठा मैच राजस्थान रॉयल्स से जीता। लेकिन उसके बाद के 7 मैच में से वह सिर्फ 2 ही जीत पाई।
दिल्ली कैपिटल्स बुधवार को तब आईपीएल प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई जब मुंबई इंडियंस ने उसे 59 रन के अंतर से हरा दिया। मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली कैपिटल्स के सामने जीत के लिए 181 रन का लक्ष्य रखा था, लेकिन टीम 19वें ओवर में सिर्फ 121 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस 16 अंक के साथ आईपीएल प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर गई। दिल्ली कैपिटल्स अब तक 13 मैच में 13 अंक से साथ पॉइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर मौजूद है। उसका इस सीजन का आखिरी मुकाबला 24 मई को पंजाब किंग्स के साथ होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।