शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा पर खेल जगत ने क्या कहा, सचिन तेंदुलकर ने दिया ये सुझाव
भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुक्ला 1984 में राकेश शर्मा के बाद अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले दूसरे भारतीय और अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा करने वाले पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री बन गए। उनकी इस उपलब्धि पर खेल जगत ने बधाई दी है।

भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला ने एक्सिओम स्पेस द्वारा संचालित वाणिज्यिक मिशन के तहत बुधवार को तीन अन्य अंतरिक्ष यात्रियों के साथ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की यात्रा के लिए रवाना होकर इतिहास रच दिया। भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने कहा कि ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा भारत के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है और देश के हर युवा को ये वीडियो देखनी चाहिए। रूसी अंतरिक्ष यान के जरिए प्रथम भारतीय अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा की अंतरिक्ष यात्रा के 41 साल बाद किसी भारतीय की यह यात्रा हो रही है।
सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट करके लिखा, ''हम सब इस सफर में आपके साथ हैं, ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला| भारत के लिए यह कितना गौरव का क्षण है, हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि भारत के हर कोने में हर बच्चा यह वीडियो देखे और ग्रुप कैप्टन शुक्ला और चालक दल की यात्रा का गवाह बने।'' जय हिंद जय भारत।''
युवराज सिंह ने लिखा, "ग्रुप कैप्टन शुक्ला अंतरिक्ष में उड़ान भरते समय अपने साथ न केवल राष्ट्र की उम्मीदें लेकर गए, बल्कि हर उस भारतीय की ताकत भी लेकर गए जो बड़े सपने देखने की हिम्मत रखता है। यह एक ऐसा पल है जिसे हम पीढ़ियों तक याद रखेंगे।"
भारतीय वायुसेना में ग्रुप कैप्टन शुक्ला, अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा की अंतरिक्ष यात्री पूर्व मिशन कमांडर पैगी व्हिटसन, हंगरी के अंतरिक्ष यात्री टिबोर कपू एवं पोलैंड के स्लावोज उज्नान्स्की-विस्नीव्स्की एक्सिओम-4 मिशन का हिस्सा हैं।
शुक्ला ने कहा, ‘‘हम 7.5 किलोमीटर प्रति सेकंड की गति से पृथ्वी की परिक्रमा कर रहे हैं... यह सिर्फ अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की मेरी यात्रा की शुरुआत नहीं है, बल्कि भारत के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम की शुरुआत है और मेरी इच्छा है कि सभी देशवासी इस यात्रा का हिस्सा बनें।’’