छत्तीसगढ़ में होगी झमाझम बारिश, 25 जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट
Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में मानसून लगातार सक्रिय है। उत्तर छत्तीसगढ़ और दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 25 जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है।

Chhattisgarh Weather: छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां लगातार सक्रिय है। उत्तर छत्तीसगढ़ और दक्षिण छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने 25 जिलों में ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी किया है। यह अलर्ट बिलासपुर संभाग, दुर्ग संभाग, बस्तर संभाग और रायपुर संभाग के कुछ जिलों के लिए जारी किया गया है। इस दौरान मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। आसमान पर बादल छाए हुए हैं, जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट का दौर जारी है। पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों में अच्छी बारिश हुई है। आगामी 5 दिनों तक उत्तरी छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा और बिलासपुर संभाग के जिलों में भारी बारिश की संभावना है। इस दौरान मेघ गर्जन होने और आकाशीय बिजली गिरने की घटना भी हो सकती है।
रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के बीजापुर, नारायणपुर, उत्तर बस्तर कांकेर, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा -मरवाही, मुंगेली, सुरगुजा के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं सुकमा, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, बस्तर, कोंडागांव, धमतरी, बालोद, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम जिले के यलो अलर्ट जारी किया है। इन सभी जिलों में गरज-चमक और तेज हवा के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान आकाशीय बिजली गिरने की घटना भी हो सकती है। हवा की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटे हो सकती है। यह अलर्ट आगामी तीन घंटों के लिए जारी किया गया है।
मानसूनी गतिविधियों में और तेजी आएगी
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक उत्तर प्रदेश के दक्षिणी मध्य भागों से लेकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, झारखंड और उत्तर ओडिशा से होते हुए लगभग 1.5 किमी की ऊंचाई तक एक द्रोणिका बनी हुई है। एक द्रोणिका पंजाब से उत्तर बांग्लादेश तक, दक्षिणी मध्य उत्तर प्रदेश के ऊपर स्थित चक्रवाती परिसंचरण से होकर गुजरने वाली लगभग 0.9 किमी की ऊंचाई पर बनी हुई है। दक्षिण झारखंड और उसके आसपास के क्षेत्रों में 3.1 किमी से 7.6 किमी की ऊंचाई के बीच एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है, जो ऊंचाई के साथ दक्षिण की ओर झुका हुआ है। वहीं उत्तर-पूर्वी अरब सागर से लेकर दक्षिण झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में स्थित चक्रवाती परिसंचरण तक लगभग 3.1 किमी की ऊंचाई पर एक द्रोणिका बनी हुई है। केंद्रीय असम और आसपास के क्षेत्रों में लगभग 0.9 किमी की ऊंचाई पर एक ऊपरी वायुमंडलीय चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जिसके प्रभाव से बारिश हो रही है।
उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले 5 दिनों तक पूरे प्रदेश में अधिकांश स्थानों पर मध्यम बारिश होने की संभावना है। साथ ही उत्तरी छत्तीसगढ़ यानी सरगुजा संभाग और बिलासपुर संभाग के कुछ जिलों में भारी बारिश की संभावना है। प्रदेश अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। पिछले 24 घंटे के दौरान बस्तर के बीजापुर और सरगुजा के बलरामपुर-रामानुजगंज में भारी बारिश हुई है। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म दुर्ग रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। वहीं प्रदेश में सबसे कम न्यूनतन तापमान पेंड्रा रोड में 22.2 डिग्री रिकार्ड किया गया। रायपुर शहर में आज आसमान पर बादल छाए हुए हैं। अधितम तापमान 25 से 30 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
(रिपोर्ट- संदीप दीवान)
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।