हरियाणा का सरकारी स्कूल विश्व के टॉप 10 विद्यालयों में शामिल, जानें क्या है यहां खास
हरियाणा में फरीदाबाद जिले के सरकारी स्कूल ने कमाल कर दिखाया है। इसे दुनिया के टॉप 10 स्कूलों में जगह मिली है। इस लिस्ट में भारत के चार स्कूल है। एक स्कूल यूपी का भी है।

छात्राओं के मानसिक एवं शारीरिक कल्याण की दिशा में कार्य करने पर फरीदाबाद के एनआईटी पांच स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज 2025 की श्रेणी में विश्व के शीर्ष 10 स्कूलों में स्थान दिया गया है। यह स्थान लंदन यूनाइटेड किंगडम की टी-4 एजुकेशन संस्था ने दिया है। इस सूची में शामिल होने वाला हरियाणा का एक मात्र स्कूल है। प्रदेश शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा व जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने विद्यालय का नाम विश्व में रोशन करने वाले सभी अध्यापकों को बधाई दी है।
यह विद्यालय देश के टॉप-5 स्कूलों की दौड़ में हो गया है। इसके लिए पूरे विश्व ऑनलाइन वोटिंग की जा रही है। इसका परिणाम अक्टूबर में जारी होगा। फाइनलिस्ट और विजेताओं को 15-16 नवंबर को अबू धाबी में होने वाले विश्व स्कूल शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है। इस विद्यालय को अंतरराष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने वाली अध्यापक अविनाशा शर्मा ने बताया कि हर वर्ष टी-4 संस्थान विद्यालयों को चुनती है। इस बार एनआईटी पांच स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों को चयनित किया। मार्च में आवेदन किया था। इसके तहत टी-4 एजुकेशन संस्थान की टीम फरीदाबाद आई थी और विद्यालय में दी जाने वाली सुविधाओं का मूल्यांकन किया था।
इन विद्यालयों को भी शामिल किया गया
एनआईटी पांच स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के अलावा जिला परिषद स्कूल जलिंदर नगर पुणे महाराष्ट्र, एक्या स्कूल जेपी नगर कर्नाटक, डीपीएस वाराणसी उत्तर प्रदेश शामिल हैं। बता दें कि टी-4 एजुकेशन एक अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक संगठन है, जिसकी स्थापना 2020 में लंदन, यूनाइटेड किंगडम में हुई थी। यह संगठन 100 से अधिक देशों में स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाने साथ शिक्षकों, स्कूल प्रमुखों को सशक्त बना रहा है।
इन बिंदुओं के आधार पर टॉप-10 में जगह बनाई
अविनाशा शर्मा ने बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में छात्रा मानसिक एवं शारीरिक कल्याण को विशेष रूप से महत्व दिया गया है। इसके तहत स्कूल में छात्राओं को शारीरिक बदलावों से अवगत कराया जाता है। इसके अलावा उनके अभिभावकों को भी शामिल किया जाता है। वहीं शिक्षा स्तर को सुधारने एवं भाषायी ज्ञान देने के लिए देश की पहली लैंग्वेज लैब इसी विद्यालय में शुरू की गई। वहीं खेलों के लिहाज के विद्यालय का फुटबॉल बहुत ही शानदार है।