टाटा की एक और कंपनी का IPO, मिल गई मंजूरी, इस साल की होगी सबसे बड़ी लिस्टिंग!
टाटा कैपिटल के IPO को बाजार नियामक संस्था सेबी की मंजूरी मिल गई है। टाटा कैपिटल का आईपीओ करीब 2 अरब डॉलर का हो सकता है। यह साल 2025 की सबसे बड़ी लिस्टिंग हो सकती है।

Tata Capital IPO: टाटा ग्रुप की कंपनी टाटा कैपिटल लिमिटेड को अपने IPO प्लान के साथ आगे बढ़ने के लिए बाजार नियामक संस्था सेबी की मंजूरी मिल गई है। टाटा कैपिटल का आईपीओ करीब 2 अरब डॉलर का हो सकता है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में यह बात इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के हवाले से कही गई है। टाटा कैपिटल लिमिटेड का आईपीओ इस साल की सबसे बड़ी लिस्टिंग भी हो सकती है।
अगस्त में आ सकता है टाटा कैपिटल का IPO
मामले की जानकारी रखने वाले लोगों के मुताबिक, बाजार नियामक संस्था सिक्योरिटीज एंड एक्सचेंज बोर्ड ऑफ इंडिया (सेबी) ने इस संबंध कंपनी और इसके बैंकर्स को सूचित कर दिया है। टाटा ग्रुप की यह नॉन-बैंकिंग फाइनेंस कंपनी अगस्त की शुरुआत में शेयर सेल लॉन्च करना चाहती है। फिलहाल, इस मामले में टाटा कैपिटल और सेबी ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। मामले की जानकारी रखने वाले लोगों का कहना है कि टाटा ग्रुप अपनी इस यूनिट के लिए 11 अरब डॉलर तक का वैल्यूएशन चाहता है। टाटा कैपिटल लिमिटेड का आईपीओ शेयरों के फ्रेश इश्यू और ऑफर फॉर सेल (OFS) का कॉम्बिनेशन हो सकता है।
फंड जुटाने पर विचार
टाटा कैपिटल लिमिटेड (Tata Capital) का बोर्ड गुरुवार को राइट्स इश्यू या नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर्स के जरिए फंड जुटाने पर विचार करेगा। टाटा कैपिटल ने इस साल की शुरुआत में राइट्स इश्यू के जरिए 1500 करोड़ रुपये जुटाए थे, उस समय टाटा संस ने ही पूरा इश्यू सब्सक्राइब कर लिया था। कंपनी का कहना है कि वह इस फंड का इस्तेमाल और उधारी देने और अपनाा लेवरेज रेशियो बेहतर करने में करेगी। टाटा कैपिटल लिमिटेड में टाटा संस की 93 पर्सेंट हिस्सेदारी है। वहीं, बाकी की हिस्सेदारी टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड, TCL एंप्लॉयी वेलफेयर ट्रस्ट और दूसरे माइनॉरिटी निवेशकों के पास है। रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने टाटा संस और टाटा कैपिटल लिमिटेड दोनों को ही सितंबर 2022 में एक अपर-लेयर NBFC के रूप में क्लासीफाइड किया गया है।