करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर के निधन के बाद कंपनी के मैनेजमेंट में बड़ा बदलाव, शेयर क्रैश
गुड़गांव स्थित यह फर्म भारत, अमेरिका, सर्बिया, मैक्सिको और चीन में विनिर्माण और असेंबली सुविधाओं, अनुसंधान एवं विकास केंद्रों और इंजीनियरिंग क्षमता केंद्रों के साथ एक ग्लोबल सप्लायर है। संजय कपूर ने निधन के बाद कंपनी के शेयरों में लगातार गिरावट देखी जा रही है।

सोना बीएलडब्ल्यू प्रिसिजन फोर्जिंग्स लिमिटेड (सोना कॉमस्टार) ने 23 जून को संजय कपूर की मृत्यु के बाद जेफरी मार्क ओवरली को कंपनी का चेयरपर्सन नियुक्त किया है। इस महीने की शुरुआत में कपूर को दिल का दौरा पड़ा था, जब वह पोलो मैच खेल रहे थे। वह 53 साल के थे। संजय कपूर कंपनी के चेयरमैन और नॉन एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर थे। उनके निधन के अगले दिन सोना कॉमस्टार के शेयर 8% से अधिक टूट गए थे। सोना कॉमस्टार के शेयर आज 2% तक गिरकर 479 रुपये पर आ गए थे। संजय कपूर बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री करिश्मा कपूर के एक्स हसबैंड भी थे।
कंपनी ने क्या कहा?
सोना बीएलडब्ल्यू ने स्टॉक एक्सचेंज फाइलिंग में कहा, 'कंपनी के बोर्ड मेंबर ने जेफरी मार्क ओवरली को कंपनी का चेयरपसर्न नियुक्त किया है। जेफरी मार्क ओवरली 12 फरवरी, 2021 से कंपनी के स्वतंत्र निदेशक हैं और स्वतंत्र निदेशक के रूप में उनकी पुनः नियुक्ति को बोर्ड ने 30 अप्रैल, 2025 को आयोजित अपनी बैठक में लगातार 5 सालों के दूसरे कार्यकाल के लिए मंजूरी दे दी है, यानी 11 फरवरी, 2031 तक, जो कंपनी की आगामी एजीएम में शेयरधारकों की मंजूरी के अधीन है।' 1995 में स्थापित सोना कॉमस्टार एक अग्रणी ऑटोमोटिव प्रौद्योगिकी फर्म है।
कौन हैं ओवरली
ओवरली के पास सिनसिनाटी विश्वविद्यालय से इंडस्ट्रियल मैनेजमेंट में विज्ञान स्नातक की डिग्री है और सेंट्रल मिशिगन विश्वविद्यालय से व्यवसाय में मास्टर डिग्री है। उनके पास 43 सालों से अधिक का ऑपरेशनल एक्सपीरियंस है। ओवरली 2018 में ब्लैकस्टोन समूह से रिटायर होने के समय न्यूयॉर्क स्थित कॉर्पोरेट प्राइवेट इक्विटी समूह में एक ऑपरेटिंग पार्टनर थे और उन्होंने ब्लैकस्टोन के कई पोर्टफोलियो कंपनी बोर्ड में सेवा करके ब्लैकस्टोन का समर्थन करना जारी रखा। ओवरली ब्लैकस्टोन की वैश्विक पोर्टफोलियो कंपनी होल्डिंग्स में रणनीतिक अवसरों की निगरानी, सलाह और समर्थन में शामिल थे, साथ ही आपूर्ति श्रृंखला में सुधार भी किया।
कितना बड़ा है कंपनी का कारोबार
गुड़गांव स्थित यह फर्म भारत, अमेरिका, सर्बिया, मैक्सिको और चीन में विनिर्माण और असेंबली सुविधाओं, अनुसंधान एवं विकास केंद्रों और इंजीनियरिंग क्षमता केंद्रों के साथ एक ग्लोबल सप्लायर है। सोना कॉमस्टार मुख्य रूप से ऑटोमोटिव ओईएम (मूल उपकरण निर्माताओं) को ऑटोमोटिव सिस्टम और घटकों को डिजाइन, निर्माण और सप्लाई करता है। कंपनी तेजी से बढ़ते ग्लोबल इलेक्ट्रिक वाहन बाजार के लिए एक प्रमुख सप्लायर है।