MDM में फिर मिली मरी छिपकली, खाना खाने से 14 बच्चे बीमार, अभिभावकों ने किया हंगामा
बिहार में एक बार फिर से मिड डे मील में मरी छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया है। खाना खाने से 14 बच्चे बीमार हो गए। जिन्हें आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।

नालंदा जिले के प्रखंड की अम्बा पंचायत के देकपुरा वार्ड नंबर-11 के आंगनबाड़ी केन्द्र पर गुरुवार को परोसे गए भोजन में एक बच्चे की थाली में मरी छिपकली मिली। जिससे हड़कंप मच गया। भोजन खाने से 14 बच्चे बीमार हो गए। कई बच्चों में पेट दर्द तो कई को उल्टी होने लगी।
गांव वालों को जैसे ही सूचना मिली वे दौड़े-दौड़े आंगनबाड़ी केन्द्र पहुंचे और अपने बच्चों को रहुई सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। इस दौरान दर्जनों ग्रामीणों ने सेविका व सहायिका को घेर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों कर्मियों को थाने ले गई। ग्रामीण बार-बार उनपर सख्त कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे।
रहुई अस्पताल में चिकित्सकों ने इन बच्चों का इलाज किया। चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं। सूचना मिलने के बीडीओ धर्मराज कुमार अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बच्चों से बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। बीमार बच्चों में रानी कुमारी, आनंद राज, रोशनी कुमारी, जिया कुमारी, शारदा कुमारी, अनुष्का कुमारी, अंकुश कुमार, सन्नी कुमार, मुन्नी कुमारी, सुहानी कुमारी, सोनाली कुमारी, देवराज कुमार, निक्की कुमार और आदित कुमार शा्मिल हैं।
वहीं इस घटना पर डीपीओ, आईसीडीएस अर्चना कुमारी ने बताया कि सीडीपीओ स्तर से घटना की जांच करायी जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। सेविका और सहायिकाओं को भोजन बनाते समय पूरी सावधानी बरतनी चाहिए। भोजन परोसने के पहले भी इसकी एक बार जांच अवश्य कर लें। तभी बच्चों को भोजन परोसें।