सड़क के पानी भरे गड्ढ़ों में गिरकर चोटिल हो रहे लोग, व्यापार भी चौपट
समस्तीपुर के पंजाबी कॉलोनी धरमपुर चौक से चकनूर और गंडक बांध तक जाने वाली सड़क की स्थिति बेहद खराब है। जलजमाव से लोग परेशान हैं और संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि नगर निगम...
पंजाबी कॉलोनी धरमपुर चौक से चकनूर और गंडक बांध होकर पोखरैरा की ओर जाने वाली पक्की सड़क की स्थिति बेहद खराब है। कई बार तो सड़कों पर जलजमाव खतरनाक हो जाता है। लोग वर्षों से इस समस्या से परेशान हैं। लोगों का कहना है कि एक तो सड़क की हालत ठीक नहीं है, उस पर होने वाला जलजमाव परेशानी अधिक बढ़ा देता है। वर्षों पहले मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना से सड़क बनाई गई थी। निर्माण के कुछ साल बाद यह जर्जर हो गई थी। वर्तमान में लोगों को दोहरा कष्ट झेलना पड़ रहा है। स्थानीय लखेंद्र यादव बताते हैं कि इस सड़क में अनुराग ट्रेडर्स से जेके मेमोरियल तक करीब डेढ़ महीने से जलजमाव बना हुआ है।
नाला का पानी सड़क पर पसरा हुआ है। सड़ रहे पानी से निकलने वाली बदबू से सांस लेना मुश्किल हैं। महामारी का खतरा लोगों को सता रहा है। मच्छर काफी बढ़ गए हैं। ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव भी नहीं होता है। निकट में एक स्कूल भी है जहां पढ़ाई के लिए बच्चे इसी पानी को हेल कर जाते आते हैं। इसके कारण आवागमन काफी प्रभावित है। इजहार आलम बताते हैं सड़क के दोनों तरफ दुकानदारों का व्यवसाय भी बाधित है। उनका कहना है कि ग्राहक पानी हेलकर कर दुकान पर आना नहीं चाहते हैं। जिस समय सड़क बनाई गई थी, उस समय धर्मपुर चौक से जेके मेमोरियल के निकट तक ही दोनों तरफ बंद नाला बनाया गया था। इस नाले का पानी पहले आगे खाली मैदान में गिरता था, जो अब बंद हो गया। इससे नाला का पानी सड़क पर ही बहता रहता है। नगर निगम ढाई वर्षों के दौरान यह समस्या दूर नहीं कर पाया। टैंकर से पानी निकालने की व्यवस्था होती है जो पूरी तरह कारगर नहीं हो पाती है। यह महज खानापूर्ति भर है। नाले नियमित सफाई भी नहीं कराई जाती है। छह महीने पर जैसे-तैसे सफाई कर दी जाती है। जिससे नाला हमेशा जाम रहता है। निजामुद्दीन अहमद बताते हैं समस्तीपुर शहर के वार्ड-6 में यह सड़क आती है। समस्तीपुर-पूसा मुंख्य मार्ग से वार्ड-6 का सीधा जुड़ाव है। वार्ड-6 से उत्तर की तरफ गंडक नदी बांध तक जाकर वार्ड का इलाका समाप्त होता है। निजामुद्दीन का दर्द है कि बरसात शुरू होने के बाद इस इलाके की हालत काफी खराब होने वाली है। अधिक बारिश होने पर पूरे वार्ड में नारकीय स्थिति होने लगेगी। लोगों को पानी हेल कर जाने के लिए विवश होना पड़ेगा। नगर निगम ने वार्ड में पहले से टूटी सड़कों को दुरुस्त नहीं कराया है। इससे हर बरसात में इन सड़कों पर काफी पानी लग जाता है। लोगों ने कई बार अपनी समस्याओं को नगर निगम में रखा भी लेकिन नजर अंदाज कर दिया गया। मो.अंजाद बताते हैं कि धरमपुर चकनूर रोड में किसी घर में नल-जल योजना से पानी जाने की सुविधा नहीं है। लोग खरीद कर पानी पीते हैं। सार्वजनिक चापाकलों के पानी से दुर्गंध आती है। कोई पीना नहीं चाहता है। कई स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हुई हैं। उनकी मरम्मत नहीं करायी जा रही है। नई स्ट्रीट लाइट अभी तक नहीं लगाई गई है। रात के अंधेरे में लोगों को काफी दिक्कत होती है। वार्ड के अन्य कई मोहल्लों में नल-जल का कनेक्शन नहीं रहने से पानी से लोग वंचित हैं।
-बोले जिम्मेदार-
वार्ड-6 से विकास योजनाओं पर जो प्रस्ताव नगर निगम को दिया गया था, उसमें कई कार्य कराए गए हैं, बाकी टेंडर व अन्य प्रक्रियाओं में हैं। जलजमाव के स्थायी समाधान पर नगर निगम का ध्यान है। नगर निगम को थोड़ा समय देना होगा। कुछ समस्याएं पूर्व से ही हैं।
-अनिता राम, मेयर
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।