जेपी गंगा पथ पर छह किलोमीटर लगा जाम, एंबुलेंस भी फंसी
जेपी गंगा पथ पर वक्फ बचाओ-संविधान बचाओ कॉन्फ्रेंस के कारण भीषण जाम लगा। लोग छह किलोमीटर की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे लगे, जिसमें कई एबुलेंस भी फंस गईं। यातायात व्यवस्था बिगड़ गई और अधिकारियों की...

जेपी गंगा पथ पर रविवार को छह किलोमीटर की दूरी तय करने में डेढ़ घंटे लग गये। जाम में कई एबुलेंस भी फंसी रहीं। इससे लोगों को खासी परेशानी हुई। वक्फ बचाओ-संविधान बचाओ कॉन्फ्रेंस में ज्यादा संख्या में वाहनों के आ जाने से यातायात व्यवस्था अव्यवस्थित हो गई। दोपहर एक बजे से पांच बजे तक जेपी गंगा पथ पर एलसीटी घाट से एनआईटी घाट पर जाम की स्थिति बनी रही। लोगों को छह किलोमीटर की दूरी तय करने में एक घंटा से डेढ़ घंटा तक लग गये। कॉन्फ्रेंस समाप्त होने पर इस सड़क पर देर शाम यातायात सामान्य हुआ। गांधी मैदान में रविवार को वक्फ बचाओ-संविधान बचाओ कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया था।
इसमें पटना सहित बिहार के अन्य शहरों से लोग बसों और निजी वाहनों से पटना पहुंचे थे। बसों और वाहनों को जेपी गंगा पथ की एक लेन पर खड़ा करने की व्यवस्था की गई थी। दोपहर बारह बजे ही एलसीटी घाट से पीएमसीएच तक गंगा पथ के दोनों तरफ की एक लेन वाहनों से पट गए थे। इस दौरान एक लेन पर आम वाहनों की सामान्य आवाजाही हो रही थी। लेकिन बाद में पहुंचे अन्य वाहन पार्किंग के लिए जगह ढूंढ़ने लगे। चालकों ने जहां जगह मिली वहीं वाहन को खड़ा करना शुरू कर दिया। अव्यवस्था उत्पन्न होने से गंगा पथ पर भीषण जाम लग लगा। एलसीटी घाट, गांधी मैदान और कृष्णा घाट जाने वाले दोनों तरफ के रैंप भी वाहनों से भर गए। पीएमसीएच से एलसीटी घाट तक यही स्थिति थी। लिहाजा एक लेन से वाहन को निकालने में लोगों को खासी मशक्कत करनी पड़ी। कई मिनट इंतजार के बाद गाड़ियां करीब 50 मीटर तक जा पा रही थी। बाद में यातायात पुलिसकर्मियों ने सक्रियता दिखाई और यातायात में बाधा पैदा कर रहे वाहनों को किनारे करवाया। जिसके बाद करीब एक से डेड़ घंटा में वाहन चालक सरक-सरक कर कृष्णा घाट से एलसीटी घाट पहुंचे। युवकों ने चलती बसों की छत पर खिंचवाया फोटो कॉन्फ्रेंस में हिस्सा लेने आए युवकों में जेपी गंगा पथ का क्रेज दिखा। कार्यक्रम में आए कई युवक यातायात नियमों की ताक पर रख चलती बसों की छत पर फोटो खिंचवा रहे थे। समूह में युवक तिरंगा हाथ में लेकर अपना सेल्फी भी ले रहे थे। उन्हें रोकने के लिए प्रशासन का कोई अधिकारी वहां नहीं था। ऐसा करने से दुर्घटना घट सकती थी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।