बिहार में बनेंगे नए पुल और बाइपास, NH होंगे अपग्रेड, केंद्र ने दी 33 हजार करोड़ की सौगात
बिहार को केंद्र सरकार ने बड़ी सौगात दी है। राज्य में एनएच निर्माण के लिए 33 हजार 464 करोड़ रुपए दिए हैं। जिससे 52 परियोजनाओं का काम हो सकेगा। इसके तहत 875 किलोमीटर सड़कों का निर्माण होगा। जिसें गंडक नदी पर दो पुलों का निर्माण भी शामिल है।

केंद्र सरकार ने बिहार को बड़ी सौगात दी है। मौजूदा वित्तीय वर्ष 2025-26 में केंद्र सरकार ने बिहार को एनएच निर्माण के लिए एकमुश्त 33 हजार 464 करोड़ दिया है। देश के सड़क निर्माण के लिए प्रस्तावित बजट का यह लगभग एक तिहाई पैसा है। अब तक बिहार को बमुश्किल छह-सात हजार करोड़ ही मिलते रहे हैं। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के पत्र के अनुसार इस पैसे से बिहार की 52 परियोजनाओं का काम हो सकेगा। इसके तहत 875 किलोमीटर सड़कों का निर्माण होगा। इसमें से 380 किमी एनएच को दो लेन से चार लेन में अपग्रेड किया जाएगा। गंडक नदी पर दो पुल भी बनेंगे।
मंत्रालय ने जिन परियोजनाओं को मंजूर किया गया है उसमें रामजानकी मार्ग मशरख-चकिया-भिठ्ठा मोड़ तक 146 किमी चार लेन सड़क भी शामिल है। इसके लिए 73 सौ करोड़ मंजूर किया गया है। गंडक नदी पर एनएच 727एए के तहत बेतिया के सेवराही में चार लेन पुल बनेगा। 11 किलोमीटर लंबे इस पुल को बनाने में 1800 करोड़ खर्च होंगे। बेतिया से बगहा के बीच चार लेन सड़क का निर्माण होगा। 69 किमी लंबी इस परियोजना पर 4300 करोड़ खर्च होंगे। अरवल से बिहारशरीफ तक चार लेन सड़क बनाने में 2300 करोड़ खर्च होंगे। अरवल बाईपास पर 574 करोड़, दाउदनगर बाईपास पर 931 करोड़, औरंगाबाद बाईपास पर 865 करोड़, समस्तीपुर बाईपास पर 320 करोड़ खर्च होंगे। वहीं समस्तीपुर से दरभंगा तक दो लेन सड़क बनाने में 220 करोड़ खर्च होंगे।
जहानाबाद में एनएच 83 पर आरओबी बनाने में 100 करोड़ खर्च होंगे। एनएच 102 पर आरओबी बनाने में 150 करोड़ जबकि हथुआ और फुलवरिया के बीच आरओबी बनाने में 95 करोड़ खर्च होंगे। डुमरांव बाईपास पर 150 करोड़, वाल्मीकिनगर व्याघ्र परियोजना के नये एलाईनमेंट से 15 किमी बाईपास बनेगा। इसे बनाने में 3000 करोड़ खर्च होंगे। जबकि सिंघेश्वर बाईपास में 200 करोड़, सीतामढ़ी से चिरौत तक दो लेन सड़क बनाने में 500 करोड़ खर्च होंगे।
पथ निर्माण विभाग के मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि ऐसा पहली बार है जब केन्द्र सरकार ने एक वित्तीय वर्ष में इतनी बड़ी राशि मंजूर की है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय सड़क एवं परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के प्रति बिहार आभारी है। परियोजनाएं समय पर पूरा हो, इसके लिए बिहार सरकार हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।