एमआईटी में बनेगा हॉस्टल, पॉलीटेक्निक में डेडिकेटेड लैंगवेज लैब
मुजफ्फरपुर में इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेजों के छात्रों के लिए नई सुविधाएं शुरू की जाएंगी। एमआईटी में छात्राओं के लिए 300 बेड का हॉस्टल और लड़कों के लिए 200 बेड का हॉस्टल बनेगा। इसके साथ ही, सभी...

मुजफ्फरपुर, प्रमुख संवाददाता। इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेजों में पढ़नेवाले विद्यार्थियों के लिए नई सुविधाएं शुरू होंगी। एमआईटी में छात्राओं के लिए 300 बेड का हॉस्टल बनाया जायेगा। एमआईटी के प्राचार्य मिथिलेश कुमार झा ने बताया कि कैबिनेट से एमआईटी को 4245.80 लाख रुपये मिले हैं। इस राशि से छात्राओं के लिए हॉस्टल बनाया जायेगा। यह हॉस्टल पांच मंजिल का होगा। एमआईटी में छात्राओं के लिए हॉस्टल की कमी है। हॉस्टल नहीं मिलने से छात्राओं को कैंपस के बाहर रहना पड़ता है। छात्राओं के साथ ब्वायज हॉस्टल भी बनाये जायेंगे। ब्वायज हॉस्टल 200 बेड का होगा और यह तीन मंजिल का होगा।
शिक्षकों के लिए टाइप सी क्वार्टर भी बनेंगे। पॉलीटेक्निक कॉलेजों में डेडिकेटेड लैंगवेज लैब बनाये जायेंगे। विज्ञान प्रौद्योगिकी विभाग से इसकी स्वीकृति मिल गयी है। राजकीय महिला पॉलीटेक्निक के प्राचार्य डॉ. वरुण कुमार राय ने बताया कि महिला पॉलीटेक्निक में भी डेडिकेटेट लैंगवेज लैब बनाया जायेगा। सभी इंजीनियरिंग कॉलेजों में यह लैब बनेंगे। इस लैब में छात्र और छात्राओं को अंग्रेजी के साथ जापानी, फ्रेंच और जर्मनी भाषाएं सिखाई जायेंगी। इसके अलावा इंजीनियरिंग और पॉलीटेक्निक कॉलेजों को पांच बड़े संस्थानों से एमओयू करने का भी निर्देश विभाग ने दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।