बेटे के लव मैरिज में मां की हत्या, समधी ने समधन का किया मर्डर; बेटी के बयान पर माता-पिता पर FIR
मृतका के बेटे ने गांव की लड़की को भगाकर लव मैरिज कर लिया था। लड़की के बाप ने ही प्रेमी की मां की हत्या कर दी।

बिहार के औरंगाबाद से रिश्ते कत्ल की खबर है। बेटी के प्रेम विवाह से नाराज पिता ने दामाद की मां को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया है। आरोपी की बेटी के बयान पर एफआईआर दर्ज किया गया है जिसमें मां को नामजद अभियुक्त बनाया गया है। इस घटना में रिश्तों का ताना-बाना उलझ गया है। बेटे का लव मैरीज मां की हत्या का कारण बना। पुलिस कांड की जांच में जुट गई है। पति और पत्नी अलग-अलग जाति से हैं। लड़की का पिता शादी के लिए तैयार नहीं था। घटना को लेकर इलाके में तनाव व्याप्त है जिसे देखते हुए पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है। वरीय अधिकारी मॉनटरिंग कर रहे हैं। मृतका की पहचान शांति देवी के रूप में की गई है।
बताया जा रहा है कि मृतक महिला शांति देवी के बेटे राजेश कुमार ने सोनम कुमारी नाम की लड़की से भागकर अंतरजातीय विवाह किया था। दोनों की शादी को लेकर लंबे समय से दोनों परिवारों के बीच तनाव चल रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि लड़की के पिता मिथलेश पासवान इस रिश्ते से बेहद नाराज थे। वे किसी भी हालत में इस रिश्ते को मानने के लिए तैयार नहीं थे।
शुक्रवार को उपहारा थाना को डायल 112 के जरिए सूचना मिली कि खैरा गांव में एक महिला के साथ लाठी डंडे से मारपीट की घटना हुई है। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद शांति देवी के परिजन भड़क गए।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सोनम कुमारी के पिता मिथलेश पासवान ने शांति देवी के साथ झगड़े के दौरान उन्हें बेरहमी से पीट। इसी में शांति देवी की जान चली गई। आरोपी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस और परिजन दोनों जुटे हैं।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। फॉरेंसिक साइंस लैब की टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने मृतका की बहू सोनी देवी के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है जिसमें सोनी देवी के पिता और मां को अभियुक्त बनाया गया है।