भागलपुर में बंदरों का आतंक, हमले में युवक की मौत; 20 दिन पहले हुई थी शादी, बाइक वाले निशाने पर
ट्रैक्टर चला रहे युवक पर बंदर ऊपर से कूद गया। वह डर गया और गाड़ी से नीचे गिर गया। घायल अमन की अस्पताल के रास्ते में मौत हो गई।

बिहार के भागलपुर में बंदर के हमले में नवविवाहित युवक की जान चली गई। पीरपैंती प्रखंड के अठनिया दियारा में मंगलवार की शाम ट्रैक्टर चला रहे युवक के ऊपर पेड़ पर बैठा बंदर कूद गया। युवक अमन कुमार यादव ट्रैक्टर से गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए पीरपैंती अस्पताल लाया गया जहां से डॉक्टरों ने भागलपुर रेफर कर दिया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। 20 दिन पहले उसी शादी हुई थी।
मुखिया पवन यादव और परिजन दीपक ने बताया कि अमन घर में एक मात्र कमाऊ लड़का था। उसकी शादी इसी वर्ष 6 जून को ही बिशनपुर में हुई थी। वह गुजरात में रहकर मजदूरी करता था। कुछ महीने पूर्व ही घर आया था। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता यमुना यादव, माता के साथ पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं बुधवार को अठनिया के लालू यादव ऑटोचालक को बंदरों ने काटकर घायल कर दिया।
क्षेत्र में बंदरों का आतंक, ग्रामीणों में नाराजगी
ग्रामीणों में घटना को लेकर नाराजगी भी थी। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक है। इसकी सूचना वन विभाग को कई बार दी गई लेकिन फिर भी टीम रेस्क्यू करने नहीं पहुंची। अब तक बंदर दो दर्जन से अधिक लोगों को घायल कर चुके हैं। 18 मई को भी भूषण कुमार को बंदर ने काट लिया था। पिकअप चालक महफूज भी जख्मी हुआ था। अब तक बंदर अवधेश यादव, रंजीत, शोभाकांत मंगल, भूषण, चित्त रंजन, ब्यास, मिथुन,राजेश,मंटू आदि को भी काटकर जख्मी कर चुके हैं।
वन विभाग भागलपुर के रेंज ऑफिसर रूपम कुमार सिंह ने बताया कि अठनिया दियारा में हुई घटना की जानकारी मिली है। बंदर द्वारा वहां पूर्व में भी कई लोगों को हमला कर घायल किया गया है। अतः मामला गंभीर है तथा हमारी रेस्क्यू टीम गुरुवार को ही वहां जाएगी तथा बंदर को रेस्क्यू करेगी। उन्होंने बताया कि डॉ संजीत कुमार अपनी टीम के साथ रेस्क्यू करेंगे। क्योंकि डॉ संजीत ही इकोलाइजर गन से बंदर को बेहोश कर पकड़ेंगे।
गाड़ी पर सवार लोगों पर करते हैं हमला
ग्रामीण संजय यादव, सुनील शर्मा, अमित, दीपक, राजेश, अशोक आदि ने बताया कि यहां आठ से दस बंदरों की टोली है, जो गाड़ी पर सवार लोगों पर हमला करती है। आसपास के गांव रामनगर अठनिया, गोबिंदपुर, माधोपुर, परशुरामपुर आदि गांवों के लोगों में भी दहशत है। कमलचक में भी 14 मई को भिखारी यादव को बंदर ने दोनों पांव में काट लिया था। राम सकल और उनकी पत्नी को भी बंदर ने काट लिया था। जहां वन विभाग की टीम पहुंची थी। लेकिन अठनिया में युवक की बंदर के हमले में जान चली गई लेकिन वन विभाग की टीम के नहीं पहुंचने पर ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों ने बताया कि एक बंदर के बच्चे को कुछ वर्ष पूर्व ट्रैक्टर ने कुचल दिया था। उसके बाद से एक बंदर लगातार हमला करता आ रहा है।