कोसी नदी से कटाव शुरू, लोगों में दहशत
मधेपुर में कोसी नदी के जलस्तर में घट-बढ़ के कारण भरगामा-डुमरिया घाट पर बना चचरी पुलिया बेकार हो गया है। मिट्टी के कटाव के कारण अब इस पुलिया से आवागमन बंद हो गया है, जिससे हजारों ग्रामीण प्रभावित हुए...

मधेपुर, निज संवाददाता। कोसी नदी की जलस्तर अभी मुख्य धार में ही काफी नीचा है। कोसी की मुख्य धार में ही पानी घट-बढ़ रहा है। मगर जलस्तर धार में ही घटने-बढ़ने के कारण कोसी नदी अपनी स्वभाव के अनुरुप मिट्टी का कटाव करना शुरू कर दी है। शुक्रवार को कोसी दियारा क्षेत्र के भरगामा-डुमरिया घाट पर ग्रामीणों द्वारा छह माह पहले बनाया गया चचरी पुलिया बेकाम का हो गया। भरगामा निवासी ललित यादव, विनोद कुमार, मुकेश कुमार सहित अन्य लोगों ने बताया कि भरगामा घाट पर उत्तर साइड से चचरी पुलिया के पास करीब 20 से 25 फीट में मिट्टी का कटाव हो गया।
फलतः चचरी पुलिया के उत्तर कोसी नदी की धारा बहने लगी। जिस कारण अब इस चचरी पुलिया से आवागमन बंद हो गया। इन ग्रामीणों ने बताया कि विगत छह माह से इस चचरी पुलिया होकर भरगामा, डुमरिया, झरवा के अलावे बकुआ पंचायत के अलावे सहरसा जिला के कुछ गांवों के हजारों लोग प्रतिदिन आवागमन करते थे। ग्रामीणों ने बताया कि बाढ़ आने के बाद तो चचरी पुलिया बह जाता या फिर खोलकर ग्रामीणों द्वारा रख दिया जाता। मगर अभी बाढ़ नहीं आई है। लेकिन धार किनारे मिट्टी का कटाव हो जाने से चचरी पुलिया से आवागमन बंद हो गया। अब इस घाट पर आवागमन का साधन नाव ही बचा हुआ है। कोसी पश्चिमी तटबंध प्रमंडल निर्मली(सुपौल) के कार्यपालक अभियंता कमलेश कुमार भंडारी ने शुक्रवार शाम छह बजे कोसी बराज पर डिस्चार्ज महज 84 हजार 760 क्यूसेक होने की जानकारी दी है। जबकि गुरुवार शाम छह बजे कोसी बराज पर 89 हजार, 795 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज रिकार्ड किया गया था। कार्यपालक अभियंता ने बताया कि यह सामान्य डिस्चार्ज है। अभी बाढ़ का कोई खतरा नहीं है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।