अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस : बोधगया में योग संगम, एक हजार से ज्यादा लोग करेंगे अभ्यास
सुबह 6 बजे शुरू होगा कार्यक्रम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव प्रसारित किया

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 11 वर्ष पूर्ण होने पर बोधगया के जय प्रकाश उद्यान में शनिवार को "योग संगम" कार्यक्रम का आयोजन होगा। सुबह 6 बजे दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरआत होगी। एक हजार से ज्यादा लोग इस योग संगम में योगाभ्यास करेंगे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन लाइव प्रसारित किया जाएगा। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा योग संगम के आयोजन के लिए देश के पांच प्रमुख स्थलों में एक गयाजी का चयन किया गया है। इस आयोजन की जिम्मेदारी दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयूएसबी) को सौंपी गई है। जो आईआईएम बोधगया के सहयोग से इसका संचालन करेगा।
शुक्रवार को सीयूएसबी और आईआईएम ने संयुक्त प्रेस वार्ता आयोजित की। जिसमें कुलपति प्रो कामेश्वर नाथ सिंह और निदेशक प्रो. विनीता सहाय ने मीडिया को संबोधित किया। इस अवसर पर भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय से डॉ डीके शर्मा भी विशेष प्रतिनिधि के रूप में उपस्थित रहे। कुलपति प्रो सिंह ने योग को भारतीय परंपरा की अमूल्य देन बताते हुए कहा कि यह मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य का श्रेष्ठ साधन है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी शामिल होंगे। प्रो. विनीता सहाय ने योग को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ व्यायाम नहीं, बल्कि संतुलन और संयम का जीवनमंत्र है। डॉ डीके शर्मा ने योग दिवस के राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने आमलोगों से कार्यक्रम में बढ़चढ़कर भाग लेने की अपील की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।