पतोर में टोटो से गिरने से युवक की मौत
बहेड़ी के डुमरी गांव में विकास पासवान की मौत टोटो से गिरने के कारण हुई। वह अपनी मां, पुत्र और भांजी के साथ ननिहाल जा रहा था। गिरने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। विकास...

बहेड़ी। थाना क्षेत्र की हरहच्चा पंचायत के डुमरी गांव के हरिहर पासवान के करीब 27 वर्षीय पुत्र विकास पासवान की मौत मंगलवार को टोटो से गिर जाने के कारण हो गई। वह अपनी मां, पुत्र तथा भांजी के साथ अपने ननिहाल हावीडीह जा रहा था। वहां वह अपनी नानी के श्राद्ध कर्म में शामिल होने जा रहा था। हावीडीह जाने के क्रम में वह पतोर थाना क्षेत्र के अनार कोठी ब्रह्मस्थान के पास टोटो से गिर गया। आनन-फानन में उसे स्थानीय चिकित्सकों के पास ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। स्थानीय वार्ड सदस्य रामरतन पासवान के मुताबिक मृतक दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था।
बड़ा भाई करीब 15 साल पहले गांव से निकला और गायब हो गया। फिर कभी वापस नहीं आया। बहन की भी कई वर्ष पूर्व मौत हो गई। उसकी 10 वर्षीया पुत्री अनु कुमारी इन्हीं के पास रहती थी जो घटना के समय साथ थी। मृतक को एक सात वर्षीय पुत्र आकाश कुमार है। घटना के समय पुत्र भी साथ में ही था। मृतक की पत्नी उन्हें पहले ही छोड़कर दूसरी शादी कर ली थी। बहेड़ी थाने को दिए आवेदन में मृतक की मां मालो देवी ने बताया है कि उनका पुत्र टोटो सवारी गाड़ी से अचानक गिरकर बेहोश हो गया। डॉक्टर के पास ले जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। इसमें किसी का कोई दोष नहीं है और वह शव का पोस्टमार्टम भी नहीं करवाना चाहती है। मृतक के पिता सिलीगुड़ी में रहकर मजदूरी करते हैं। इस घटना के बाद मृतक की मां, पुत्र व भांजी का रो-रोकर बुरा हाल है। सूत्रों के मुताबिक उसे मिर्गी की शिकायत थी। सिलीगुड़ी में ही उसकी शादी कर दी गई थी। बाद में उनकी पत्नी ने किसी दूसरे से शादी कर ली। थानाध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता ने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।