कोचिंग संचालक ने 10वीं की छात्रा से किया रेप, खून से लथपथ घर पहुंची तो दंग रह गए सब
अरवल जिले के कुर्था में एक कोचिंग संचालक ने 10वीं की छात्रा को बुलाकर उसके साथ जबरन रेप किया। आरोपी मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ हालत में छात्रा किसी तरह अपने घर पहुंची और आपबीती सुनाई।

बिहार के अरवल जिले के कुर्था में एक कोचिंग संचालक द्वारा 10वीं की छात्रा से रेप का शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। कोचिंग संचालक ने पढ़ाई के बहाने छात्रा को अकेले बुलाया और फिर उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। खून से लथपथ हालत में छात्रा जब अपने घर पहुंची तो परिजन दंग रह गए। पीड़िता ने घर वालों को अपनी आपबीती बताई। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद कोचिंग संचालक फरार है, उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
जानकारी के अनुसार 10वीं की छात्रा कुर्था स्थित एक कोचिंग सेंटर में गुरुवार सुबह पढ़ाई करने गई थी। छुट्टी के बाद कोचिंग संचालक ने छात्रा को बुलाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। घटना के बाद लड़की किसी तरह अपने घर पहुंची और परिजन को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन ने उसे कुर्था के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के लिए भर्ती कराया गया। गंभीर हालत को देखते हुए उसे अरवल सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
इस बीच सूचना महिला थाना को दी गई। महिला थानाध्यक्ष ने तुरंत एफआईआर दर्ज की। पुलिस एसएफएल की टीम के साथ कुर्था पहुंची। कोचिंग संचालक मानिकपुर थाना क्षेत्र के निघवां गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। उसकी गिरफ्तारी के लिए मानिकपुर और अरवल महिला थाना पुलिस छापेमारी कर रही है। एसडीपीओ कृत कमल ने बताया कि प्रथम दृष्टि में बलात्कार का मामला दिख रहा है।