घास काटने के झगड़े में डेढ़ साल के बच्चे की हत्या, शव छिपाते पकड़ा तो भाग निकले आरोपी
पीड़िता ने बताया कि उनकी ननद बच्चे को खोजने चापाकल के पास गयी, तो देखा कि पड़ोस की असमीना खातून बच्चे के शव को चापाकल के पास अमरुद के पेड़ के नीचे प्लास्टिक में छिपा रही थी। ननद को देखते ही वो भागने लगी। ननद चापाकल के पास गयी तो प्लास्टिक के बाहर बच्चे पैर दिख रहा था।

अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के धपड़ी गांव में एक डेढ़ साल के बच्चे की गला दबाकर हत्या का मामला सामने आया है। हत्या का कारण आपसी रंजिश बताया गया है। मृतक जानिसार धपड़ी गांव निवासी रिजवान आलम का बेटा था। रिजवान मझोले किसान हैं। इधर घटना की सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल से बच्चे के शव को अपने कब्जे में लेकर रविवार की सुबह पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल अररिया भेज दिया।
मृतक बच्चे की मां बीबी सबरुन खातून के बयान पर पलासी थाना में गांव के ही 13 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है। नामजदों में असमीना खातून, यासीन, राहिल, इसराइल, शोएब अख्तर, सायेन, मो तस्लीम, शमशाद, सोहिम आलम, रूबिना, चनेतूल, सायफून, अफरोजा शामिल हैं।
मृतक की मां ने बताया कि शनिवार शाम उनका बेटा जानिसार दरवाजे पर अपनी दादी के पास खेल रहा था। कुछ देर बाद दादी बच्चे को बिस्किट देकर गाय लाने खेत की ओर चली गयी। करीब आधा घंटा बाद वह वापस आयी तो जानिसार दरवाजे पर नहीं था। इसके बाद बच्चे की खोजबीन शुरू की गयी। खोजबीन के बाद बालक का कोई पता नहीं चल पाया।
मृतक की मां बीबी समरून खातून ने बताया कि इस दौरान जब उनकी ननद बच्चे को खोजने चापाकल के पास गयी, तो देखा कि पड़ोस की असमीना खातून बच्चे के शव को चापाकल के पास अमरुद के पेड़ के नीचे प्लास्टिक में छिपा रही थी। ननद को देखते ही वो भागने लगी। ननद चापाकल के पास गयी तो प्लास्टिक के बाहर बच्चे पैर दिख रहा था। तब तक भीड़ जुट गयी। देखा कि जानिसार मृत पड़ा है। फिर भी उसे चिकित्सक के पास कलियागंज ले गयी।
चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। बदहवास समरूल खातून ने बताया कि पूर्व में घास काटने को लेकर पड़ोसियों से झगड़ा हुआ था। इसके कारण एक साजिश के तहत इन लोगों ने उनके बेटे नानिसार की गला दबाकर हत्या कर दी। इस संबंध में पलासी थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर बच्चे के शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया है। मृतक की मां के आवेदन पर 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। सभी फरार बताये गये हैं।