किशनगंज : अत्यधिक सतर्कता व जिम्मेदारी से करें मतदान से जुड़े कार्य
किशनगंज में बिहार विधानसभा आम निर्वाचन 2025 के लिए मतदान केंद्र स्तर के अधिकारियों, बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों और कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पदाधिकारी विशाल राज ने सभी को...

किशनगंज। हिन्दुस्तान प्रतिनिधि आगामी बिहार विधानसभा आम निर्वाचन, 2025 के अंतर्गत 52बहादुरगंज, 53 ठाकुरगंज, 54 किशनगंज तथा 55 कोचाधामन विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में विशेष गहन पुनरीक्षण 2025 एवं मतदान केन्द्रों के युक्तिकरण के लिए मतदान केन्द्र स्तरीय पदाधिकारियों, बी.एल.ओ. पर्यवेक्षकों एवं बी.एल.ओ. कर्मियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण सम्राट अशोक भवन, किशनगंज तथा खगड़ा खेल भवन में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम में निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी एवं स्टेट लेवल के मास्टर ट्रेनरों द्वारा सभी प्रतिभागियों को विस्तृत रूप से प्रशिक्षित किया गया। जिला पदाधिकारी विशाल राज ने उपस्थित सभी बी.एल.ओ., पर्यवेक्षकों एवं मतदान केन्द्र स्तरीय पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि आप सभी पर अत्यंत महत्वपूर्ण दायित्व है।
यह केवल घर-घर जाकर फार्म लेने का सामान्य कार्य नहीं है, बल्कि प्रत्येक मतदाता से पहचान हेतु दस्तावेज संकलन भी किया जाना अनिवार्य है। यह कार्य सहज नहीं है, इसके लिए अत्यधिक सतर्कता एवं जिम्मेदारी का निर्वहन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन विभागीय निदेशानुसार बी.एल.ओ. को मतदाता पहचान हेतु निर्धारित 11 दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज लेना होगा एवं दस्तावेज प्राप्त होने के उपरांत संबंधित घर को चिन्हित भी करना है। प्रशिक्षण में उप निर्वाचन पदाधिकारी प्रवीण जहां, अवर निर्वाचन पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार एवं अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। जिला पदाधिकारी ने सभी कर्मियों से अपील की कि निर्वाचन की पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए दिए गए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा एवं तत्परता से करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।