बोले भागलपुर: ऊपरटोला ग्वालटोली में टूटी सड़कों की मरम्मत हो
वार्ड 20 के ऊपरटोला ग्वालटोली मोहल्ले में स्मार्ट सिटी योजना के तहत सड़कें और सफाई व्यवस्था खराब हैं। टूटी सड़कों और गंदगी के कारण लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम से शिकायत...
स्मार्ट सिटी के तहत नगर निगम क्षेत्र की मुख्य सड़कों में काम तो हुआ, लेकिन मोहल्ले के अंदर की सड़कों का बुरा हाल है। टूटी सड़कों के चलते लोगों को मोहल्ले में आने-जाने में परेशानी होती है। स्मार्ट सिटी के अन्तर्गत आने वाले वार्ड 20 के ऊपरटोला ग्वालटोली मोहल्ले की सड़कों का भी बुरा हाल है। टूटी सड़कें और गंदगी के चलते मोहल्ले में आने-जाने वालों को परेशानी होती है। नाला नहीं रहने से गंदा पानी भी सड़कों पर फैल जाता है। नगर निगम से शिकायत करने के बावजूद मोहल्ले की समस्याओं का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है।
वार्ड संख्या 20 शहर के महत्वपूर्ण वार्डों में शामिल है। शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र से सटे इस वार्ड में भी समस्याओं की कमी नहीं है। इस वार्ड के अन्तर्गत ऊपरटोला ग्वालटोली में सड़कों की हालत खराब है। नया बाजार से तिलकामांझी जाने वाली मुख्य सड़क के दक्षिण में स्थित यह घनी आबादी वाला मोहल्ला है। मोहल्ले में पशुपालक भी बड़ी संख्या में रहते हैं। मोहल्ले के लोगों का कहना है कि नियमित रूप से सफाई नहीं होने से गंदगी फैली रहती है। सफाईकर्मी कभी-कभी मोहल्ले में आते हैं। नालों की उड़ाही नहीं होने से गंदगी सड़कों पर फैल जाती है। बिजली पोल में लाइट की व्यवस्था नहीं होने से रात में आने-जाने में परेशानी होती है।
मोहल्ले के अरुण यादव ने बताया कि दुर्गा मंदिर के सामने की सड़क 10 साल पहले बनी हुई है। उसके बाद से सड़क की मरम्मत नहीं करायी गयी है। सड़क चलने लायक नहीं है। सड़क टूटने के चलते बारिश का पानी जमा हो जाता है। मोहल्ले में अधिकांश गरीब परिवार के लोग रहते हैं। सड़क पर आने-जाने में काफी परेशानी होती है। जनप्रतिनिधियों से भी कहा गया, बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। मोहल्ले की सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की जरूरत है। कई गलियों में नाला नहीं है। जिस गली में नाला है, वहां गाद भरी हुई है। गाद की नियमित सफाई नहीं करायी जाती है। कई बार स्थानीय लोगों को खुद सफाई करानी पड़ती है। नया नाला का निर्माण नहीं किया जा रहा है। सफाईकर्मी भी मोहल्ले में कभी-कभी आते हैं। दुर्गा मंदिर से पानी की आपूर्ति होती है। ठेकेदार द्वारा ऑपरेटर के रूप में उन्हें रखा है। लेकिन साढ़े पांच साल से कोई मानदेय नहीं मिला है।
सक्षम फाउंडेशन की अध्यक्ष संगीता तिवारी ने बताया कि वार्ड संख्या 20 के अन्तर्गत लाजपत पार्क भी आता है। लाजपत पार्क के बाहर आवारा पशुओं के रहने से टहलने आने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है। वृद्ध, बच्चे और महिलाओं को आने-जाने में डर लगता है। इस पर रोक लगनी चाहिए। खलीफाबाग चौक पर जाम के चलते भी मोहल्ले के लोगों को काफी परेशानी होती है। खलीफाबाग चौक शहर का हृदयस्थली कहलाता है। लेकिन यहां महिलाओं के लिए शौचालय की व्यवस्था नहीं है। मोहल्ले में कई नाला खुला हुआ है। नाला की बदबू से लोगों को परेशानी होती है। नगर निगम तत्काल नालों को ढकने की व्यवस्था करे। खुला रहने के चलते बारिश होने पर नाले का कूड़ा सड़क पर आ जाता है। जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। मोहल्ले में स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात में लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है।
वार्ड संख्या 20 के वार्ड पार्षद शांडिल्य नंदीकेश ने बताया कि नगर निगम क्षेत्र में सफाई एजेंसी काम करने को लेकर उदासीन है। सफाईकर्मियों भी उपस्थिति में भी अनियमितता बरती जा रही है। आबादी और क्षेत्रफल के मानक के अनुसार वार्ड 20 में 38 सफाईकर्मी चाहिए। वार्ड में करीब 1800 घर है। लेकिन नगर निगम द्वारा 18 सफाईकर्मी स्वीकृत किया गया है। उसमें से रोज चार से पांच सफाईकर्मी कम आते हैं। इसका बुरा असर वार्ड की सफाई पर पड़ रहा है। नगर निगम बोर्ड की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से रखा गया, लेकिन अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ है। बिजली पोल पर लाइट नहीं रहने के चलते लोगों को रात में काफी परेशानी होती है। बार-बार कहने के बावजूद ढाई साल से पोल पर लाइट नहीं लगायी गयी है। पाइप बिछाने के नाम पर बुडको द्वारा सड़क काट दी गयी। काटी गयी सड़कों की मरम्मत में केवल खानापूरी की गयी है। वार्ड में अवैध भवन के खिलाफ भी कार्रवाई नहीं हो रही है।
ऊपरटोला ग्वालटोली के प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि दुर्गा मंदिर के सामने की सड़क चलने लायक नहीं है। 420 फीट सड़क टूट चुकी है। सभी पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं रहने से रात में आने-जाने में परेशानी होती है। सुमित यादव ने बताया कि मोहल्ला में एक सामुदायिक भवन होना चाहिए। सामुदायिक भवन नहीं होने से शादी या अन्य कार्यक्रमों को आयोजित करने में परेशानी होती है सामुदायिक भवन के लिए मोहल्ले में जगह उपलब्ध है। गीता तिवारी ने बताया कि मोहल्ले में कूड़े का ढेर लगा रहता है। नियमित सफाई नहीं होती है। बरसात में बदबू से लोगों का आना-जाना मुश्किल हो जाता है। प्रियंका कुमारी ने बताया कि मोहल्ले की सड़कें अतिक्रमित हैं। इसके चलते मोहल्ले में गाड़ियों के आने-जाने में परेशानी होती है। नगर निगम को सड़क से अतिक्रमण हटाना चाहिए।
बोले जिम्मेदार
नगर निगम क्षेत्र में बेहतर सफाई नहीं होने की लगातार शिकायतें मिल रही है। वार्ड में सफाईकर्मियों के कम पहुंचने की जानकारी भी वार्ड पार्षदों द्वारा दी जा रही है। सफाई एजेंसी को बेहतर सफाई करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। काम में लापरवाही पाये जाने पर जुर्माना भी लगाया गया है। कम मजदूर जाने से सफाई प्रभावित हो रही है। ऊपरटोला ग्वालटोली मोहल्ले में भी नियमित सफाई की व्यवस्था की जाएगी। टूटी सड़कों की मरम्मत और नाला का निर्माण कराया जाएगा। ऊपरटोला ग्वालटोली को मलीन बस्ती योजना के तहत शामिल किया गया है। इसके तहत सभी योजनाओं का लाभ मोहल्लेवासियों को दिया जाएगा।
-डॉ. बसुंधरा लाल, मेयर, नगर निगम, भागलपुर
बोरिंग से सभी घरों को नहीं मिल पाता है पर्याप्त पानी
ऊपरटोला ग्वालटोली निवासी अरुण यादव ने बताया कि इलाके के आरएन अग्रवाल लेन, वंशी झा लेन, बजरंगी सहाय लेन, जेपी लेन, चण्डी प्रसाद लेन और चुनिहारी टोला में दुर्गा मंदिर परिसर स्थित बोरिंग से पानी की आपूर्ति की जाती है। लेकिन सभी घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पाता है। वर्ष 2019 के 28 दिसंबर को बोरिंग का काम पूरा होने के बाद से आज तक औपचारिक उद्घाटन तक नहीं हो सका है। पिछले पांच वर्षों से इस बोरिंग से वार्ड 20 और 19 के कई इलाकों में जलापूर्ति हो रही है। कई बार आवेदन देने के बाद भी बोरिंग चलाने के एवज में आज तक उन्हें नगर निगम या प्रशासनिक स्तर से कोई राशि का भुगतान नहीं हुआ है। इतने बड़े इलाके के लिए नगर निगम को दो अतिरिक्त बोरिंग और प्याऊ की व्यवस्था करनी चाहिए।
पानी निकासी के लिए नाला का निर्माण हो
राजेश यादव ने बताया कि ऊपरटोला ग्वालटोली में वर्षों से जर्जर पड़ी सड़क की मरम्मत करानी जरूरी है। सभी गलियों में नगर निगम द्वारा बड़ा नाला का निर्माण कराना चाहिए। जिससे घर के साथ बारिश का पानी भी आसानी से मुख्य नाला में निकल जाए। वर्तमान में बना नाला काफी पुराना एवं बिना ढक्कन का है। नाला की चौड़ाई कम है। नाला जाम हो जाने से पानी सड़क पर बहने लगता है। स्थनीय लोगों के अलावा बाहर से आने वालों को भी दिक्कत होती है। कहने को तो मोहल्ला भागलपुर स्मार्ट सिटी में है। लेकिन स्मार्ट सिटी का कोई लाभ नहीं मिल सका। बड़ी आबादी होने के बाद भी आज तक विकास कार्य और मूलभूत सुविधाओं का लाभ नहीं मिल सका है। नगर निगम को मोहल्ले की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
ऊपरटोला ग्वालटोली में सफाई की व्यवस्था खराब
समाजसेवी संगीता तिवारी ने बताया कि ऊपरटोला ग्वालटोली में सबसे बड़ी समस्या साफ-सफाई की है। नगर निगम द्वारा समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। कूड़ा उठाना तो दूर यहां सड़क पर झाड़ू भी नहीं लग पाता है। जर्जर सड़कों पर गोबर और गंदगी पसरे होने के कारण फिसलन बनी रहती है। इससे आवागमन के दौरान बच्चे, वृद्ध और महिलाएं कई बार फिसल कर गिर जाती हैं। इलाके के लोगों को हमेशा आने-जाने में परेशानी होती है। कई जगहों पर कूड़े का अंबार लगा रहता है। निगम के सफाईकर्मी कभी-कभी झाड़ू देने पहुंचते हैं। शहर के मध्य में स्थित यह मोहल्ला वर्षों से पिछड़ा हुआ है। नगर निगम प्रशासन अगर ध्यान दे और सख्ती करें तो इसकी सूरत बदलने के साथ यहां रहने वाले लोगों का भी विकास हो सकेगा।
जर्जर सड़क और नाला के कारण परेशानी
नगर निगम के वार्ड नंबर 20 के पार्षद शांडिल्य नंदीकेश ने बताया कि ऊपरटोला ग्वालटोली में कई तरह की समस्याएं हैं। जिसके कारण वहां रहने वाली बड़ी आबादी को काफी परेशानी होती है। सड़क और नाला की समस्या के कारण लोगों को चलने में काफी दिक्कत होती है। साफ-सफाई की व्यवस्था के लिए नगर निगम से उन्हें पर्याप्त सफाईकर्मी नहीं मिलता है। जिससे आम जनता को कूड़े से परेशानी होती है। वार्ड नंबर 20 में कुल 38 सफाईकर्मियों की जरूरत है। लेकिन सफाई एजेंसी से महज 18 सफाईकर्मी ही मिला है। 18 सफाईकर्मी में से कई कर्मी रोज अनुपस्थित रहते हैं। जिसके कारण सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है। बुडको द्वारा पानी के कनेक्शन के लिए सड़क तोड़ दी गई, लेकिन पानी नहीं मिल पा रहा है। पोल पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग लगातार की जा रही है। ढाई साल से स्ट्रीट लाइट पोल पर नहीं लगी है।
इनकी भी सुनिए
वार्ड नंबर 20 के ऊपरटोला ग्वालटोली में बिजली का पोल लगा है। कई पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। लाइट नहीं होने से शाम होते ही इलाके में अंधेरा छा जाता है। जिससे आवागमन में काफी दिक्कत होती है।
-प्रमोद यादव
नगर निगम द्वारा ऊपरटोला ग्वालटोली में सफाईकर्मी कभी-कभी आते हैं। साल में कभी भी इस इलाके में फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव के लिए निगमकर्मी नहीं आते हैं। जिसके कारण मच्छर से लोगों को परेशानी होती है।
-सुमित यादव
आवास की सुविधा नहीं मिली है। जिसके कारण मोहल्ले के कई लोगों को रहने में परेशानी होती है। कुछ महिलाओं को वृद्धा पेंशन पूर्व में मिलता था, लेकिन पिछले कई वर्षों से मिलना बंद हो गया है। सड़क भी जर्जर है।
-जानकी देवी
सड़क खराब होने के कारण घर से कहीं भी आने-जाने में परेशानी होती है। वृद्ध और बच्चे कई बार गिरकर घायल हो जाते हैं। सालों से सड़क जर्जर का अभी तक निर्माण नहीं कराया गया है। सरकारी योजना का लाभ नहीं मिलता।
-गणेशो देवी
ऊपरटोला ग्वालटोली में नगर निगम द्वारा डस्टबिन की व्यवस्था नहीं की गई है। कूड़ा फेंकने के लिए जगह नहीं होने के कारण घर के आसपास में ही कचरा जमा हो जाता है। मोहल्ले में दूसरों के घरों के पास गंदगी जमा होने से कई बार आपस में विवाद हो जाता है।
-शशि यादव
ऊपरटोला में पानी की निकासी के लिए उनके पूर्वजों ने ही तत्काल आबादी के हिसाब से नाला बनाया था, जो अभी की आबादी को देखते हुए काफी छोटा है। नाला हमेशा जाम रहता है। नाला का पानी घर में प्रवेश कर जाता है। बारिश होने पर हालत बदतर हो जाती है।
-रवि यादव
शहर के बीचोबीच स्थित ऊपरटोला ग्वालटोली में साफ-सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। गंदगी और बारिश के दिनों में डेंगू और मच्छरजनित बीमारियों के साथ कई तरह की बीमारियों के फैलने का खतरा बना रहता है। सड़क पर बारिश के साथ गंदा पानी जमा हो जाता है।
-विकास यादव
ऊपरटोला ग्वालटोली में नाला काफी छोटा है। जिसके कारण घरों से निकलने वाला पानी सड़क पर बहने लगता है। जर्जर सड़क के कारण इलाके के सभी लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। डस्टबिन के साथ कूड़ा उठाव की व्यवस्था भी नहीं की गई है।
-वैष्णवी कुमारी
कूड़ा उठाव के लिए नगर निगम द्वारा कभी-कभी सफाईकर्मी आते हैं। कई दिनों तक कचरा पसरा रहता है। प्याऊ की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है। ग्वालटोला दुर्गा स्थान परिसर स्थित बोरिंग से कई मोहल्ले में पानी की सप्लाई ठीक से नहीं हो पाती है।
-दीपक यादव
वार्ड 20 के कई मोहल्ले में पैन इंडिया और बुडको द्वारा पानी का पाइपलाइन बिछाने के क्रम में सड़क को गड्ढा करके छोड़ दिया गया है। इसके कारण आवागमन के दौरान लोगों को काफी परेशानी होती है। अक्सर गड्ढे के कारण लोग गिर जाते हैं।
-रंजन यादव
नगर निगम प्रशासन को व्यवस्थित तरीके से बड़े नाला का निर्माण कराना चाहिए। ताकि पानी निकासी के साथ जलजमाव की समस्या का समाधान हो सके। साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। ताकि लोगों को आने-जाने में परेशानी नहीं हो।
-यदुनंदन यादव
ऊपरटोला ग्वालटोली की जनता को स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग नहीं मिल पाता है। जिसके कारण इलाका विकास से पूरी तरह से वंचित है। शहर के बीच में स्थित मोहल्ला में कई तरह की जनसमस्या है। सफाईकर्मी झाड़ू लगाने नहीं आते हैं।
-प्रियांशु यादव
शिकायतें
1. वार्ड नंबर 20 के ऊपरटोला ग्वालटोली में सड़क की हालत जर्जर होने के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। कई बार लोग गिरकर घायल भी हो जाते हैं।
2. कूड़ा उठाव के लिए नगर निगम द्वारा कभी-कभी सफाईकर्मी आते हैं। कई दिनों तक कचरा पसरा रहता है। कूड़े के दुर्गंध के कारण बीमारी फैलने की आशंका बनी रहती है।
3. मुख्य शहर में रहने के बावजूद ऊपरटोला ग्वालटोली मोहल्ले का विकास नहीं हो रहा है। सामुदायिक भवन नहीं रहने से शादी या अन्य कार्यक्रम को आयोजित करने में परेशानी होती है।
4. नाला का व्यवस्थित ढंग से निर्माण नहीं होने के कारण काफी परेशानी होती है। ऊपरटोला ग्वालटोली में पानी की निकासी में समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
5. बिजली के पोल पर लाइट की व्यवस्था नहीं होने से शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। रोशनी के अभाव में कई बार लोग घर आने -जाने के क्रम में गिरकर घायल हो जाते हैं।
सुझाव
1. वार्ड 20 के ऊपरटोला ग्वालटोली में नगर निगम द्वारा जल्द जर्जर सड़क का निर्माण कराया जाना चाहिए। स्कूली बच्चों और महिलाओं के साथ सभी लोगों को आवागमन में सुविधा होगी।
2. नगर निगम प्रशासन द्वारा व्यवस्थित तरीके से बड़े नाला का निर्माण कराना चाहिए। ताकि पानी निकासी के साथ जलजमाव की समस्या का समाधान हो।
3. नगर निगम प्रशासन ऊपरटोला ग्वालटोली की साफ-सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए सफाई एजेंसी द्वारा वार्ड में पर्याप्त संख्या में सफाईकर्मी उपलब्ध कराए। इससे गंदगी से राहत मिलेगी।
4. ऊपरटोला ग्वालटोली में बिजली के सभी जर्जर पोल को बदलकर नया पोल और कवर्ड वायर लगाना चाहिए। सभी पोल में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित हो।
5. जलापूर्ति की व्यवस्था को बेहतर करने के लिए अतिरिक्त बोरिंग के साथ प्याऊ की सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। बुडको की पाइपलाइन से पानी की सप्लाई शुरू होनी चाहिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।