मेयर संग शहर घूमे नगर आयुक्त, समस्याओं से हुए रूबरू
भागलपुर में मेयर डॉ. बसुंधरा लाल और नगर आयुक्त शुभम कुमार ने शहर की मूलभूत सुविधाओं और समस्याओं का आकलन करने के लिए भ्रमण किया। सफाई स्थिति, जलजमाव, और सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता का निरीक्षण किया...

भागलपुर, मुख्य संवाददाता। शहरी क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं और जनता की समस्याओं को करीब से समझने के उद्देश्य से शुक्रवार सुबह मेयर डॉ. बसुंधरा लाल और नगर आयुक्त शुभम कुमार ने शहर का विस्तृत भ्रमण किया। इस भ्रमण का मुख्य लक्ष्य जमीनी हकीकत का आकलन करना और तत्काल समाधान योग्य समस्याओं की पहचान करना था। भ्रमण के दौरान मेयर ने नगर आयुक्त को कई जगहों पर विशेष ध्यान दिलाया और वहां की समस्याओं के समाधान के क्या उचित उपाय हो सकते हैं, इसकी शॉर्ट ब्रीफिंग भी की। विभिन्न आवासीय क्षेत्रों और व्यावसायिक स्थलों पर कूड़ा-कचरा प्रबंधन और सड़कों की सफाई का जायजा लिया गया।
कई स्थानों पर सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए। मानसून से पहले नालियों की सफाई और जलजमाव वाले संभावित क्षेत्रों का भी नगर आयुक्त ने निरीक्षण किया। अधिकारियों ने पाया कि कई स्थानों पर नालियों की उचित सफाई नहीं होने के कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो सकती है। संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति और उनकी स्वच्छता भी देखी नगर आयुक्त ने शहर की आंतरिक सड़कें और तंग गलियों की स्थिति भी देखी। कुछ स्थानों पर सड़कों की खराब हालत और गड्ढों की शिकायतें मिलीं। जिसकी मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। जीरोमाइल स्थित शहर के पूर्वी प्रवेश द्वार की स्थिति एवं सौंदर्यीकरण, मुख्य सड़कों की स्थिति, विभिन्न चौक-चौराहों, छोटे-छोटे गार्डन, महापुरुषों की प्रतिमाओं की स्थिति व सौंदर्यीकरण आदि पर भी चर्चा की गई। नगर आयुक्त ने शहर में सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति और उनकी स्वच्छता का भी निरीक्षण किया। नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना प्राथमिकता क्षेत्र भ्रमण के बाद मेयर ने कहा कि शहर के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करना नगर आयुक्त की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि चिह्नित समस्याओं का त्वरित समाधान करें और एक निश्चित समयसीमा के भीतर प्रगति रिपोर्ट जमा करें। नगर आयुक्त ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने और नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया। अधिकारियों और नागरिकों के बीच होगा सीधा संवाद नगर आयुक्त ने यह भी आश्वस्त किया कि इसी प्रकार से भविष्य में भी डिप्टी मेयर और अन्य पार्षदों के साथ भी समन्वय स्थापित कर शहर का निरीक्षण किया जाएगा। जिससे नगर निगम मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए अपने दायित्वों का निर्वहन करने में सक्षम होगा। यह भ्रमण नगर निगम के अधिकारियों और शहर के नागरिकों के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है। जिससे जमीनी स्तर पर समस्याओं को समझने और उनका प्रभावी समाधान निकालने में मदद मिलेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।