Hindi NewsBihar NewsBhagalpur NewsKrisnapuri Colony Faces Severe Lack of Basic Amenities in Ward 33

बोले भागलपुर: कृष्णापुरी कॉलोनी में सड़क और पेयजल की व्यवस्था हो

कृष्णापुरी कॉलोनी, वार्ड 33, भागलपुर में लगभग 500 परिवार रहते हैं, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। न सड़क, न पीने का पानी, और नालियों की व्यवस्था नहीं होने से लोग परेशान हैं। बारिश के समय कीचड़...

Newswrap हिन्दुस्तान, भागलपुरFri, 20 June 2025 09:49 PM
share Share
Follow Us on
बोले भागलपुर: कृष्णापुरी कॉलोनी में सड़क और पेयजल की व्यवस्था हो

नगर निगम की पूर्वी सीमा पर स्थित वार्ड 33 बरहपुरा में कृष्णापुरी कॉलोनी है। शहरी क्षेत्र में रहने के बावजूद इस कॉलोनी में गांव वाली सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं। कॉलोनी में करीब पांच सौ परिवार रहते हैं। हवाई अड्डा के दक्षिण और बाईपास के पश्चिम इस कॉलोनी में बहुत से परिवार लंबे समय से रह रहे हैं। इस कॉलोनी में न सड़क है और न ही पेयजल की व्यवस्था। अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। मोहल्ले के लोग कहते हैं कि सभी तरह का टैक्स देते हैं तो सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है।

नगर निगम के बड़े वार्डों में बरहपुरा वार्ड 33 भी शामिल है। बताया जा रहा है कि यहां 14 हजार से अधिक मतदाता हैं। वार्ड में कई मोहल्ले हैं। सुविधाओं को लेकर कृष्णापुरी कॉलोनी का बुरा हाल है। कॉलोनी में जाने के लिए कोई सड़क नहीं है। कीचड़ और गंदगी के बीच लोगों को आना-जाना पड़ता है। नल-जल योजना के तहत अभी तक कॉलोनी में पाइप भी नहीं बिछाया गया है। गरीब परिवार के लोग दूसरों के घरों या चापाकल से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। बारिश के दौरान घर से निकलना मुश्किल हो रहा है।

कृष्णापुरी के वरुण कुमार शर्मा ने बताया कि दो साल से वह मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे हैं। नगर निगम को टैक्स भी देते हैं, लेकिन कॉलोनी में किसी तरह की सुविधा नहीं है। सुविधाएं उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी नगर निगम की है। कॉलोनी में सड़क कच्ची रहने के चलते हमेशा पानी भरा रहता है। मुख्य सड़क पर पहुंचने के लिए लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। कॉलोनी में पीने के पानी की व्यवस्था नहीं है। कुछ परिवार के पास निजी बोरिंग है। अधिकांश लोग अन्य जगहों से पानी लाकर प्यास बुझाते हैं। कॉलोनी के लोगों को नल-जल योजना का लाभ मिलना चाहिए। कॉलोनी में बच्चों को पढ़ने के लिए स्कूल नहीं है। छोटे बच्चों को सच्चिदानगर या अन्य जगहों पर पढ़ने के लिए भेजना पड़ता है। वार्ड में अच्छा अस्पताल नहीं होने मरीज को भागलपुर सदर अस्पताल या मायागंज अस्पताल ले जाना पड़ता है।

मीना तिवारी ने बताया कि काफी समय से वह परिवार के साथ कॉलोनी में रह रही हैं। लेकिन किसी तरह की सुविधा यहां के लोगों को नहीं मिल रही है। चुनाव के समय नेता आकर आश्वासन देते हैं। चुनाव के बाद उनकी समस्याओं को देखने कोई नहीं आता है। कॉलोनी में न सड़क है और न ही नाला बनाया गया है। लोग घर के बगल में गड्ढा खोदकर घर का गंदा पानी जमा करते हैं। फिर उस पानी को निकालकर दूसरी जगह फेंकते हैं। कॉलोनी में एक भी नाला नहीं बना है। बिजली का पोल गड़ा है। स्ट्रीट लाइट नहीं रहने से रात में आने-जाने में डर लगता है। सड़क नहीं रहने के चलते कॉलोनी की महिलाएं स्कूल भेजने के लिए बच्चों को गोद में लेकर मुख्य सड़क तक पहुंचाती हैं। कई बार बच्चे गिर भी जाते हैं। कॉलोनी के लोगों के लिए सड़क और नाला का निर्माण जल्द कराना चाहिए।

फुलन देवी ने बताया कि वह आठ साल से कॉलोनी में रह रही हैं। पानी की कोई व्यवस्था नहीं है। आसपास के लोगों से मांगकर काम चलना पड़ता है। कितने दिनों तक दूसरे के भरोसे काम चल पाएगा। निजी बोरिंग वाले पानी देने से इंकार करते हैं। कई बार पानी लेने के लिए झगड़ा भी हो जाता है। वह पुलिस लाइन के सामने सत्तु बेचती हैं। बारिश होने पर कॉलोनी से निकलना मुश्किल हो जाता है। नगर निगम को वार्ड में जलमीनार का निर्माण और कॉलोनी में पाइप बिछाने का काम करना चाहिए।

वार्ड पार्षद के प्रतिनिधि मो. बंटी अली उर्फ शौकत अली ने बताया कि कृष्णापुरी कॉलोनी में पानी, सड़क, बिजली, नाला आदि की सुविधा नहीं है। कॉलोनी के विकास से संबंधित योजनाओं को नगर निगम के बोर्ड में लगातार रखा जा रहा है। कई प्रस्ताव बोर्ड से पारित भी हुआ है। लेकिन नगर निगम कॉलोनी में विकास का एक भी काम नहीं कर रहा है। इसको लेकर जिलाधिकारी और नगर आयुक्त को कई बार पत्र देकर समस्याओं का समाधान कराने का आग्रह किया गया। कॉलोनी में पोल गाड़ दिया गया है। घरों में लोगों को कनेक्शन भी मिल गया है। लेकिन सड़क किनारे स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। कॉलोनी में सफाईकर्मी नहीं आते हैं। नगर निगम का बड़ा वार्ड होने के चलते मानक के अनुसार यहां 28 सफाईकर्मियों की तैनाती होनी चाहिए। लेकिन आमतौर पर रोज आठ से दस सफाईकर्मी ही आते हैं। नगर निगम में कई बार इसकी शिकायत की गयी। फॉगिंग नहीं होने से बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।

बरहपुरा पूरब टोला को नीलकंठनगर से जोड़ने के लिए एक पुल की जरूरत है। कई बार आग्रह करने के बावजूद पुल नहीं बन पाया है। इसके चलते लोगों को तीन किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना अन्तर्गत विधायक और विधान पार्षद द्वारा दी गयी सूची को 18 अक्टूबर 2024 को नगर आयुक्त ने जिलाधिकारी को भेजा था। उसमें भी वार्ड संख्या 33 के कृष्णापुरी कॉलोनी के सम्पूर्ण भाग में पीसीसी सड़क एवं आरसीसी नाला का निर्माण शामिल है। लेकिन अभी तक एक भी काम नहीं हुआ है। डब्लू हरि ने बताया कि नाला नहीं रहने से गंदा पानी कॉलोनी में फैल जाता है। लोगों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। दूर में चापाकल है। वहां से पानी लाकर काम चलाना पड़ रहा है। सड़क नहीं रहने से लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। राजेश कुमार ने बताया कि बारिश के समय कॉलोनी से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। जनप्रतिनिधि केवल आश्वासन देते हैं। सड़क नहीं रहने से बड़ी गाड़ियां कॉलोनी में नहीं आ पाती हैं। रात में मरीज को इलाज कराने के लिए अस्पताल ले जाने में परेशानी होती है। नगर निगम को तत्काल कॉलोनी की समस्याओं का समाधान करना चाहिए।

बोले जिम्मेदार

शहर के कई वार्डों में नई कॉलोनी बस गयी है। वहां सड़क, नाला, पानी आदि को लेकर परेशानी हो रही है। नगर निगम वैसी जगहों पर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास कर रहा है। वार्ड 33 के कृष्णापुरी कॉलोनी की समस्याओं की जानकारी मिली है। वहां निगम के कर्मियों को भेजकर समस्याओं की पूरी जानकारी ली जाएगी। उसके बाद योजनाबद्ध तरीके से समस्याओं का समाधान किया जाएगा। कृष्णापुरी कॉलोनी को लेकर नगर निगम के बोर्ड में पारित प्रस्ताव पर काम कराया जाएगा। शहरी क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान करना नगर निगम की जिम्मेदारी है। कृष्णापुरी कॉलोनी में सड़क, पानी, नाला आदि की व्यवस्था की जाएगी।

-डॉ. बसुंधरा लाल, मेयर, भागलपुर, नगर निगम

कृष्णपुरी कॉलोनी में सड़क नहीं होने से परेशानी

कृष्णापुरी कॉलोनी के वरुण कुमार शर्मा ने बताया कि कॉलोनी बसने से काफी साल बीत चुका है। लेकिन अभी भी यहां के लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता है। सड़क नहीं होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। सड़क नहीं बनने के कारण बड़े वाहन तो दूर घरों तक बाइक से आने में भी परेशानी होती है। जगह-जगह रास्ता ऊंचा और गड्ढा होने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। बारिश होने पर हालत और भी बदतर हो जाती है। अस्पताल, विद्यालय, कार्यालय और रोजमर्रा के काम के लिए भी आने-जाने में भी काफी दिक्कत होती है। नगर निगम द्वारा वार्ड 33 प्राणवती लेन कृष्णापुरी कॉलोनी में सड़क निर्माण कराया जाय। जिससे कॉलोनी के लोगों को आवागमन में सुविधा हो।

पोल में स्ट्रीट लाइट नहीं होने से रात में डर लगता है

कृष्णापुरी कॉलोनी के ब्रजेश कुमार ने बताया कि कॉलोनी में हर तरफ लोग बसे हैं, जो वर्षों से यहां रह रहे हैं। लेकिन रोड और नाला नहीं होने से काफी परेशानी होती है। नाला नहीं बनने से पानी की निकासी की समस्या है। सड़क के अभाव में हजारों लोगों को आवागमन में परेशानी होती है। बारिश के समय रास्ते पर कीचड़ जमा हो जाता है। कृष्णापुरी में बिजली का पोल तो लगाया गया है, लेकिन पोल में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण शाम होते ही अंधेरा छा जाता है। रात के समय असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। कॉलोनी के पोल में लाइट के साथ सुरक्षा की भी व्यवस्था होनी चाहिए। लाइट नहीं रहने से रात में लोगों को कॉलोनी में आने-जाने में परेशानी होती है।

नाला निर्माण नहीं होने से घर के आसपास जमा होता है गंदा पानी

कृष्णापुरी कॉलोनी की मीना तिवारी ने बताया कि अभी तक पानी की निकासी के लिए कृष्णापुरी कॉलोनी में नाला का निर्माण नहीं हुआ है। घरों से निकलने वाला पानी घर के आसपास किसी गड्ढे में या खाली जमीन पर बहाना पड़ता है। पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं होने से आसपास गंदगी फैल जाती है। गंदा पानी के दुर्गंध से लोगों को परेशानी होती है। नगर निगम उन लोगों से टैक्स वसूल कर रहा है। सरकार और नगर निगम प्रशासन को कृष्णापुरी की समस्याओं के समाधान के लिए अविलंब कार्य करना चाहिए। ताकि लोगों को नाला और सड़क की समस्या से मुक्ति मिल सके। सड़क नहीं रहने से कॉलोनी के लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों को स्कूल भेजने के समय होती है।

सरकार से राशि आवंटित होने के बाद भी सड़क नहीं बनी

वार्ड 33 के पार्षद प्रतिनिधि बंटी अली ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा भागलपुर नगर निगम के वार्ड 33 कृष्णापुरी कॉलोनी समेत कई वार्ड में सड़क और नाला निर्माण के लिए राशि आवंटित की गई थी। लेकिन उन लोगों को इसका लाभ नहीं मिला। कृष्णापुरी कॉलोनी दो दशक से भी अधिक पुराना है। लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। टैक्स देने के बाद भी नागरिकों को नगर निगम या सरकार की विकास योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मानक के अनुसार नगर निगम को वार्ड 33 में 28 सफाईकर्मी देना चाहिए। लेकिन एजेंसी द्वारा वार्ड 33 में 8 से 10 मजदूर ही उपलब्ध कराया जाता है। जिससे सफाई व्यवस्था बदहाल है। वार्ड 33 से दो हथिया नाला निकलता है, जिसके नाला का पक्कीकरण कर उसपर ढक्कन की व्यवस्था करनी चाहिए। कृष्णापुरी के विकास के लिए नगर निगम के बोर्ड की बैठक में कई प्रस्ताव दिया गया। लेकिन प्रस्ताव पर काम नहीं हो रहा है।

इनकी भी सुनिए

वार्ड 33 के कृष्णापुरी कॉलोनी में निगम या सरकार द्वारा पानी की आपूर्ति सुविधा मुहैया नहीं कराई गई है। इस कारण लोगों को पानी की समस्या होती है। जिनके घरों में निजी बोरिंग नहीं है, उन्हें चापाकल से पानी लाना पड़ता है। जिससे परेशानी होती है।

-रिंकु कुमारी

कृष्णापुरी कॉलोनी में आज तक सड़क नहीं बन सकी है। इस कारण उनलोगों को आवागमन में काफी परेशानी होती है। सड़क पर कई बार वृद्ध, बच्चे व महिलाएं गिरकर चोटिल हो जाती हैं। सरकार जल्द सड़क का निर्माण कराए, जिससे लोगों को चलने में सुविधा हो।

-उर्मिला देवी

बारिश और गंदे पानी की निकासी के लिए कृष्णापुरी में नाला का निर्माण कराया जाना चाहिए। ताकि यहां के लोगों को जलजमाव या गंदे पानी की समस्या से राहत मिल सके। नगर निगम व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई गई, लेकिन कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

-राजेश कुमार

सड़क, नाला और सफाई की कृष्णापुरी कॉलोनी में कोई व्यवस्था नहीं है। जिससे लोगों को काफी परेशानी होती है। निगम द्वारा भी समस्या के समाधान के लिए कुछ नहीं किया जा रहा है। यहां नारकीय स्थिति बनी हुई है। निगम यहां की समस्याओं का समाधान करे।

-फूलन देवी

कूड़ा उठाने के लिए कोई इंतजाम नहीं किया गया है। कृष्णापुरी कॉलोनी में नगर निगम को बड़े कूड़ादान के साथ इलाके के घरों के लिए छोटे डस्टबिन की व्यवस्था करनी चाहिए। ऐसा नहीं होने से लोग घर के आसपास या खाली जमीन पर कूड़ा फेंक रहे हैं।

-किरण देवी

नगर निगम कृष्णापुरी कॉलोनी में सड़क और नाला का निर्माण जल्द कराए, ताकि लोगों को परेशानी से राहत मिल सके। सड़क बनाने से पहले नाला की व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि सड़क बनने के बाद नाला निर्माण के लिए सड़क को तोड़ना नहीं पड़े।

-मो. इजहार

बुडको द्वारा पानी की पाइपलाइन नहीं बिछाई गई है। इस कारण जलापूर्ति में काफी परेशानी होती है। दूसरे के घरों या चापाकल से पानी ढोकर लाना पड़ता है। निगम व बुडको को वार्ड 33 के कृष्णापुरी कॉलोनी में पानी की सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए।

-कविता देवी

कृष्णापुरी कॉलोनी में सड़क की व्यवस्था नहीं होने से बच्चे को गोद में लेकर सड़क तक ले जाना पड़ता है। जिसमें काफी परेशानी होती है। बारिश के दिनों में हालत और खराब हो जाती है। कई बार बच्चे और उनके अभिभावक भी गिरकर घायल हो जाते हैं।

-श्वेता सिंह

सड़क नहीं बनने से कृष्णापुरी कॉलोनी के लोगों को बीमार पड़ने पर अस्पताल ले जाना मुश्किल हो जाता है। सड़क नहीं रहने से एंबुलेंस या कोई अन्य बड़ा वाहन घरों तक नहीं पहुंच पाता है। कई बार मरीज को समय पर इलाज भी नहीं मिल पाता है।

-रानी कुमारी

कृष्णापुरी कॉलोनी में सफाई की व्यवस्था ठीक नहीं है। चलने के लिए सड़क भी नहीं है। घर आने-जाने में कच्ची सड़क पर गिरने का डर बना रहता है। कॉलोनी के आसपास की सड़क भी जर्जर है। प्रशासन जल्द सड़क, नाला आदि का निर्माण कराए।

-मो. टीपू अंसारी

राशन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र और सरकार की अन्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन को कृष्णापुरी कॉलोनी में शिविर लगाना चाहिए। कॉलोनी में सड़क, नाला और पानी की सुविधा के साथ आसपास में सरकारी अस्पताल और स्कूल की व्यवस्था होनी चाहिए।

-चंदन हरि

बिजली के सभी पोल में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे कॉलोनी के लोगों को शाम या रात के समय आवागमन में असुविधा न हो। लाइट नहीं जलने के कारण असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ जाती हैं। पुलिस को कॉलोनी में नियमित गश्त करनी चाहिए।

-डब्लू हरि

शिकायतें

1. वार्ड नंबर 33 के कृष्णापुरी कॉलोनी में करीब पांच सौ घर हैं, जहां हजारों की आबादी निवास करती है। इलाके में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के चलते लोगों को परेशानी हो रही है।

2. कृष्णापुरी कॉलोनी में नाला नहीं होने से इलाके का गंदा और बारिश के पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। घरों से निकलने वाला पानी आसपास में बहाना पड़ता है।

3. बिजली के पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने से कृष्णापुरी कॉलोनी की जर्जर सड़क पर आवागमन में परेशानी होती है। कई बार लोग गिरकर घायल हो जाते हैं।

4. कृष्णापुरी कॉलोनी विद्यालय और अस्पताल की व्यवस्था नहीं है। आवागमन की सुविधा नहीं होने से बच्चे को स्कूल और मरीज को अस्पताल ले जाने में परेशानी होती है।

5. कृष्णापुरी कॉलोनी में कूड़ा उठाने की कोई व्यवस्था नहीं है। कॉलोनी में सफाईकर्मी भी नहीं आते हैं। इसके चलते लोग कूड़ा इधर-उधर फेंक देते हैं।

सुझाव

1. कृष्णापुरी कॉलोनी में प्रशासन को सड़क का निर्माण तत्काल कराना चाहिए। ताकि कॉलोनी के लोगों को आवागमन में सुविधा हो सके।

2. गंदा पानी की निकासी के लिए कृष्णापुरी कॉलोनी की मुख्य सड़क समेत सभी गलियों में अविलंब नाला का निर्माण कराना चाहिए। ताकि पानी निकासी हो सके।

3. कृष्णापुरी कॉलोनी में लगे सभी बिजली के पोल में स्ट्रीट लाइट लगानी चाहिए। स्ट्रीट लाइट लगने से रात में कॉलोनी के लोगों को आने-जाने में सुविधा होगी।

4. कृष्णापुरी कॉलोनी के आसपास अच्छा सरकारी अस्पताल की व्यवस्था होनी चाहिए, जिससे बीमार पड़ने पर इलाज के लिए मरीज समय रहते अस्पताल पहुंच सकें।

5. बरहपुरा के साथ कृष्णापुरी कॉलोनी में कूड़े कचरे की सफाई के लिए नगर निगम द्वारा पर्याप्त सफाईकर्मी उपलब्ध कराया जाना चाहिए। ताकि वार्ड की सफाई दुरुस्त हो सके।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें