बोले भागलपुर: चन्द्रलोक कॉलोनी में सड़क और नाला का निर्माण हो
चन्द्रलोक कॉलोनी, जो शहर के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित है, में सड़क, नाला और जलापूर्ति की समस्याएं हैं। यहाँ के निवासियों ने कई बार अधिकारियों से सहायता मांगी है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है।...
शहर के दक्षिणी क्षेत्र में स्थित है चन्द्रलोक कॉलोनी। नगर निगम क्षेत्र से सटा चन्द्रलोक कॉलोनी जगदीशपुर प्रखंड के खिरीबांध पंचायत के वार्ड छह के अन्तर्गत आता है। भले ही यह कॉलोनी शहरी क्षेत्र का हिस्सा बन गया हो, लेकिन सुविधाएं ना के बराबर है। कॉलोनी में जाने के लिए सड़क नहीं है। नाला के पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं है। शहरी क्षेत्र के नाला का पानी भी कॉलोनी में भर जाता है। सड़क, नाला और जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं होने से लोगों में नाराजगी है। कॉलोनी के लोगों ने बताया कि अधिकारी और जनप्रतिनिधियों से कई बार आग्रह किया गया। लेकिन एक भी समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। बारिश होने पर कॉलोनी के लोगों को काफी परेशानी होती है।
शहर के दक्षिणी क्षेत्र में कई नई कॉलोनियां बस गयी हैं। नई कॉलोनियों में अभी भी सड़क, नाला और जलापूर्ति की व्यवस्था नहीं हो पायी है। चन्द्रलोक कॉलोनी भी इसी में शामिल है। कॉलोनी में सौ से अधिक परिवार रहते हैं। इसमें नौकरी और कारोबार से जुड़े लोग भी शामिल हैं। कॉलोनी में जाने के लिए कोई रास्ता नहीं बना है। कॉलोनी के लोगों ने आपस में सहयोग कर एक कच्ची सड़क बनवाई है। कॉलोनी के लोगों का कहना है कि नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों के नाले का पानी कॉलोनी में आता है। नाला के पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से जलजमाव होता है। ग्रामीण क्षेत्र में रहने के बावजूद बिजली चार्ज शहरी क्षेत्र का लिया जाता है। लेकिन सुविधाएं कुछ नहीं मिल रही हैं।
कॉलोनी के डॉ. नवीन कुमार मिश्रा ने बताया कि चन्द्रलोक कॉलोनी में 1994 में जमीन खरीदी थी। 2018 से मकान बनाकर रह रहे हैं। कॉलोनी के लोगों की मदद से चलने लायक सड़क बनायी गयी है। लेकिन सरकार के स्तर के बिजली छोड़कर कोई सुविधा कॉलोनी में नहीं है। नगर निगम के दक्षिणी क्षेत्र के वार्ड 42, 50 और 51 के नाला का पानी कॉलोनी में आता है। नाला का गंदा पानी कॉलोनी में भर जाता है। तीन साल से कई बार मेयर, नगर आयुक्त को आवेदन देकर शहरी क्षेत्र के नाला के पानी निकासी की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया। लेकिन अभी तक नाला के गंदा पानी की निकासी की व्यवस्था नहीं हुई है। डीएम, डीडीसी, प्रमुख और बीडीओ को भी समस्याओं के समाधान के लिए ज्ञापन दिया गया। नगर निगम क्षेत्र और चन्द्रलोक कॉलोनी के नाला के पानी निकासी के लिए बड़ा नाला बनाना होगा। नाला के पानी को बड़े नाला के माध्यम से सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट तक पहुंचाने की व्यवस्था होनी चाहिए। जलजमाव होने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है। बीमारी फैलने का भी खतरा बना रहता है। बरसात के दिनों में कॉलोनी में पानी भर जाता है। बच्चे स्कूल नहीं जा पाते हैं।
सुजीत कुमार झा ने बताया कि बारिश के समय पानी सड़क पर बहने लगता है। सड़क नहीं होने से मरीज को अस्पताल ले जाने में परेशानी होती है। गाड़ियां कॉलोनी में नहीं आ पाती हैं। बच्चों को गोद में लेकर मुख्य सड़क तक जाना पड़ता है। कॉलोनी में 1994 से लोग रह रहे हैं। लेकिन अभी तक सरकार की सुविधाएं लोगों को नहीं मिल रही हैं। अधिकारियों से आग्रह करने के बावजूद अभी तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। बागबाड़ी, चन्द्रलोक कॉलोनी, सतपुलिया होकर बड़ा नाला के माध्यम से गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था हो सकती है। इसके लिए बड़ा नाला बनाना होगा। कॉलोनी में फॉगिंग और सफाई की व्यवस्था नहीं है। लोगों को शुद्ध पेयजल नहीं मिल रहा है। नल-जल योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल रहा है। निजी बोरिंग से लोग काम चला रहे हैं। बरसात के दिनों में कॉलोनी में सड़क चलने लायक नहीं रह जाती है।
खिरीबांध पंचायत के मुखिया अजय राय ने बताया कि शहरी क्षेत्र से सटे चार कॉलनियां बसी हैं। सभी कॉलोनी में सड़क, नाला और जलापूर्ति की व्यवस्था करनी है। कुछ जगहों के लिए प्राक्कलन तैयार किया गया है। फंड के अभाव में काम करने में परेशानी हो रही है। एक वार्ड के लिए 10 से 12 लाख रुपये आवंटन मिलता है। उससे काम नहीं चल पा रहा है। चन्द्रलोक कॉलोनी में सड़क, नाला और जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। सड़क और नाला नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है। नाला के पानी की निकासी के लिए बड़ा नाला बनाने की तैयारी की जा रही है। फंड मिलने के बाद काम शुरू किया जाएगा। हर वार्ड में पंचायत स्तर से कुछ न कुछ काम किया जा रहा है। चन्द्रलोक कॉलोनी के धर्मेन्द्र गोस्वामी ने बताया कि तीन साल पहले जलापूर्ति के लिए पाइप बिछाया गया। लेकिन अभी तक घरों में पानी का कनेक्शन नहीं दिया गया है। जलापूर्ति की कोई व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानी होती है। बिजली पोल में कहीं भी स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। जबकि बिजली बिल शहरी क्षेत्र का लिया जाता है। कॉलोनी में स्मार्ट मीटर तो लग गया। लेकिन स्मार्ट व्यवस्था नहीं हो पा रही है। लाइट के अभाव में रात में आने-जाने में परेशानी होती है। बरसात के समय बच्चों को स्कूल पहुंचाने में काफी परेशानी होती है।
दुर्गा प्रसाद चौबे और जितेन्द्र झा ने बताया कि पुलिस की नियमित पेट्रोलिंग नहीं होने से डर लगता है। असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने की जरूरत है। कॉलोनी में सड़क निर्माण तत्काल होना चाहिए। सड़क नहीं रहने से महिला, वृद्ध और बच्चों को आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है।
बोले जिम्मेदार
चन्द्रलोक कॉलोनी में सड़क, पानी और नाला की समस्या है। इसका समाधान किया जाएगा। कॉलोनी के लिए योजनाएं बनायी गयी हैं। फंड की कमी के चलते काम शुरू नहीं किया गया है। कॉलोनी में सड़क बनाने की बात चल रही है। नाला का भी निर्माण कराया जाएगा। फंड आने का इंतजार किया जा रहा है। जुलाई तक फंड मिलने की उम्मीद है। चन्द्रलोक कॉलोनी की सड़क, नाला और जलापूर्ति की समस्या का समाधान किया जाएगा। धीरे-धीरे सारी व्यवस्था कर दी जाएगी।
-रघुनंदन आनंद, प्रखंड विकास पदाधिकारी, जगदीशपुर
जलापूर्ति के लिए पाइपलाइन बिछाने का काम अधूरा
डॉ. नवीन कुमार मिश्रा ने बताया कि चंद्रलोक कॉलोनी में लोगों को नल-जल योजना का कोई लाभ नहीं मिलता है। कॉलोनी में पानी का संकट बना हुआ है। कई साल से परिवार के साथ इस कॉलोनी में रहते हैं। कॉलोनी के लोग सरकार को टैक्स देते हैं। लेकिन यहां के लोगों को सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। खिरीबांध पंचायत का वार्ड छह शहरी क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। कॉलोनी में पाइपलाइन बिछाने के लिए काम शुरू किया गया, लेकिन अभी तक काम पूरा नहीं किया गया। जहां पाइपलाइन बिछायी गयी है, वहां के घरों तक कनेक्शन नहीं हुआ है। इसके कारण लोगों के घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। कॉलोनी के लोगों के पास निजी बोरिंग के अलावा पानी की आपूर्ति के लिए दूसरा कोई विकल्प नहीं है। साफ-सफाई की व्यवस्था भी बदहाल है।
कॉलोनी में आता है नगर निगम क्षेत्र के नाला का पानी
सुजीत कुमार झा ने बताया कि नगर निगम के नाला का पानी महेशपुर के पास छोड़ दिया जाता है। जिसके कारण नाला का पानी चंद्रलोक कॉलोनी में जमा हो जाता है। कॉलोनी से पानी निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है। नाला के गंदे पानी और दुर्गंध के कारण काफी परेशानी होती है। शहरी क्षेत्र के नाले के पानी निकासी की व्यवस्था करने के लिए मेयर और नगर आयुक्त को कई बार पत्र दिया गया। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को भी इसकी जानकारी देकर नाला के पानी निकासी की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया। बारिश होने पर नाला के पानी होकर लोगों को आना-जाना पड़ता है।
आपसी सहयोग से आने-जाने के लिए सड़क का निर्माण
सीताराम साह ने बताया कि कई साल से लोग कॉलोनी में परिवार के साथ रह रहे हैं। पहले बारिश के समय जलजमाव होता था। पानी में प्रवेश कर घर आवागमन करना पड़ता था। इसके बाद कॉलोनी के लोगों ने खुद की मेहनत और पैसे खर्च कर सड़क का निर्माण करवाया। लेकिन अभी तक अच्छी सड़क नहीं बन पायी है। सड़क कच्ची होने के चलते लोगों को काफी परेशानी होती है। जलजमाव के कारण बच्चे को स्कूल भेजने से अभिभावक कतराते हैं। बच्चे को गोद में लेकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। बरसात के दिन में बारिश और शहरी क्षेत्र के नाला का पानी कॉलोनी में जमा हो जाता है। बदबू के चलते लोगों को घर से निकलने में परेशानी होती है। प्रशासन को तत्काल सड़क का निर्माण करवाना चाहिए।
पक्की सड़क नहीं होने से होती है परेशानी
धर्मेन्द्र गोस्वामी ने बताया कि चंद्रलोक कॉलोनी शहर के दक्षिणी क्षेत्र से बिल्कुल सटा हुआ है। कॉलोनी में कई सालों से लोग रह रहे हैं। जिला प्रशासन और ग्राम पंचायत की ओर से कुछ भी सुविधा मुहैया नहीं कराई गई। कॉलोनी में पक्की सड़क और नाला नहीं रहने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। नाला नहीं बनने से कॉलोनी में बारिश का पानी जमा हो जाता है। घर से निकलना मुश्किल हो जाता है। सड़क नहीं होने के कारण कॉलोनी के लोगों को कार्यालय या स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। कच्ची सड़क पर पानी बहने लगता है। बच्चों को स्कूल पहुंचाने में परेशानी होती है। सड़क नहीं होने से बड़ी गाड़ियां कॉलोनी में नहीं आ पाती है। मरीजों को अस्पताल ले जाने में काफी परेशानी होती है।
इनकी भी सुनिए
चंद्रलोक कॉलोनी में सड़क की व्यवस्था नहीं होने से आवागमन में परेशानी होती है। सड़क बनवाने के लिए कॉलोनी के लोगों ने जनप्रतिनिधि और अधिकारियों से आग्रह किया। लेकिन कई वर्ष बीत जाने के बाद भी आज तक इस कॉलोनी में सड़क का निर्माण नहीं कराया जा सका है।
-अजय कुमार साह
चद्रलोक कॉलोनी में नाला के पानी की निकासी के लिए कोई इंतजाम नहीं है। नाला नहीं होने से कॉलोनी में जलजमाव हो जाता है। प्रशासन को कॉलोनी के पानी निकासी के लिए स्थाई व्यवस्था करनी चाहिए। गंदा पानी जमा होने से बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है।
-विनोद कुमार सिंह
बिजली कंपनी द्वारा कॉलोनी में बिजली का पोल और नया तार लगाया गया है। लेकिन किसी भी पोल में स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं है। अंधेरा होने पर जर्जर सड़क पर चलने में लोगों को परेशानी होती है। सभी पोल पर लाइट की व्यवस्था होनी चाहिए।
-कृष्ण कुमार
चंद्रलोक कॉलोनी में सरकार को स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था करनी चाहिए। ताकि बीमार पड़ने पर कॉलोनी के लोगों को इलाज के लिए अधिक दूर नहीं जाना पड़े। कॉलोनी या आसपास में स्वास्थ्य केंद्र नहीं होने से गर्भवती महिलाओं को काफी दिक्कत होती है।
-जय शंकर मिश्रा
चंद्रलोक कॉलोनी या आसपास के इलाके में सरकारी विद्यालय नहीं है। इसके कारण बच्चों को पढ़ने के लिए मोदीनगर या कुतुबगंज के सरकारी विद्यालय में जाना पड़ता है। बच्चों को पढ़ने की व्यवस्था होनी चाहिए।
-राजेश साह
चंद्रलोक कॉलोनी में सड़क नहीं होने के कारण बच्चों को स्कूल पहुंचाने के लिए अभिभावकों को गोद में लेकर मुख्य सड़क तक जाना पड़ता है। बारिश होने पर स्थिति और भी बदतर हो जाती है। कई बार लोग गिरकर घायल हो जाते हैं।
-दीपक कुमार
1994 से चंद्रलोक कॉलोनी लोगों ने रहना शुरू किया। धीरे-धीरे कॉलोनी की आबादी बढ़ती गयी। लेकिन अभी तक कॉलोनी के लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बिजली की आपूर्ति के लिए पोल लगाया गया, लेकिन पोल पर स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं की गई।
-दुर्गा प्रसाद चौबे
चंद्रलोक कॉलोनी वार्ड संख्या छह में पीसीसी सड़क और नाला की व्यवस्था नहीं है। इसके कारण कॉलोनी में जलजमाव हो जाता है। प्रशासन को सड़क और नाला का निर्माण कराया जाना चाहिए। ताकि आवागमन सुलभ हो और किसी भी विशेष परिस्थिति में लोगों को आने- जाने में दिक्कत नहीं हो।
-सुमंत्र सत्यार्थी
चंद्रलोक कॉलोनी में बिजली कंपनी द्वारा उपभोक्ताओं से शहरी बिजली दर के अनुसार बिल लिया जाता है। चंद्रलोक कॉलोनी खिरीबांध ग्राम पंचायत में आता है। बिजली कंपनी को कॉलोनी के उपभोक्ताओं से ग्रामीण दर पर बिजली बिल का चार्ज लेना चाहिए।
-पंकज कुमार
खिरीबांध पंचायत के वार्ड छह के चंद्रलोक कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाया है। भागलपुर को स्मार्ट सिटी में शामिल भी किया गया है। लेकिन शहर और ग्रामीण क्षेत्र की व्यवस्था अब तक स्मार्ट नहीं की गई है। लोगों को मूलभूत सुविधाआओं के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ती है।
-विनय प्रजापति
नगर निगम के वार्ड संख्या 42, 50 और 51 के नाला का पानी चंद्रलोक कॉलोनी में आता है। गंदा पानी का जमाव होने से बीमारी फैलने का खतरा बना रहता है। मेयर और नगर आयुक्त से शिकायत करने के बाद भी पानी निकासी की व्यवस्था नहीं की जा रही है।
-लक्ष्मी देवी
चन्द्रलोक कॉलोनी में करीब दो सौ परिवार रहता है। कॉलोनी में जलजमाव के कारण कई बार यहां के लोगों को दूसरी जगहों पर किराया पर रहने के लिए विवश होना पड़ता है। सड़क खराब होने के कारण बारिश के मौसम में गर्भवती महिलाओं को किसी रिश्तेदार या अन्य जगह पर रखना होता है।
-मनोरमा मिश्रा
शिकायतें
1. चंद्रलोक कॉलोनी में सड़क की व्यवस्था नहीं होने के कारण आवागमन में परेशानी होती है। कॉलोनी में बारिश के दौरान जलजमाव हो जाता है। जनप्रतिनिधि और अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं।
2. करीब तीन दशक बीत जाने के बाद भी चंद्रलोक कॉलोनी में अब तक नाला का निर्माण नहीं किया गया है। नाला के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है।
3. कॉलोनी में बच्चों के पढ़ने के लिए सरकारी स्कूल नहीं है। बच्चों को काफी दूर के स्कूल जाने में परेशानी होती है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के बच्चों का पठन पाठन प्रभावित होता है।
4. खिरीबांध पंचायत अंतर्गत चंद्रलोक कॉलोनी में बिजली उपभोक्ताओं से शहरी बिजली दर के अनुसार बिल वसूल किया जाता है। इससे उपभोक्ताओं पर आर्थिक बोझ बढ़ता है।
5. चंद्रलोक कॉलोनी में स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था नहीं होने से इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है। स्वास्थ्य संबंधी इमरजेंसी पड़ने पर अस्पताल पहुंचने में देरी होने से इलाज प्रभावित होता है।
सुझाव
1. जिला प्रशासन को चंद्रलोक कॉलोनी में आवागमन की सुविधा के लिए अविलंब सड़क निर्माण कार्य कराया जाना चाहिए। इससे जर्जर रास्ते से होने वाली परेशानी दूर होगी।
2. नगर निगम से सटे चंद्रलोक कॉलोनी में नाला निर्माण और नाला के पानी की निकासी की व्यवस्था तत्काल करने की जरूरत है। बड़ा नाला बनाकर नाला के पानी की निकासी की जा सकती है।
3. चंद्रलोक कॉलोनी में स्वास्थ्य सुविधा के लिए स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था होनी चाहिए। एम्बुलेंस आने-जाने लायक सड़क का निर्माण होना चाहिए। ताकि मरीज को समय से अस्पताल पहुंचाया जा सके।
4. नल-जल योजना का लाभ पहुंचाने के लिए सभी घरों में कनेक्शन देना चाहिए। जलापूर्ति के लिए कॉलोनी में बोरिंग होने से लोगों को पानी का संकट नहीं होगा।
5. साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर करने के लिए कॉलोनी में कूड़ादान की व्यवस्था करने की जरूरत है। कॉलोनी में सफाईकर्मियों की तैनाती होने से लोगों को राहत मिलेगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।