43 लाख से होगा रेड क्रॉस सोसायटी मनिअप्पा अस्पताल की चाहरदीवारी का निर्माण
बॉटम... चाहरदीवारी के शिलान्यास कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री व स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह, विधायक राजकुमार सिंह, बरौनी रि

मटिहानी, एक संवाददाता। रेड क्रॉस सोसायटी मनिअप्पा अस्पताल की चाहरदीवारी का निर्माण 43 लाख की लागत से होगा। बरौनी रिफाइनरी के सीएसआर फंड से निर्माण कराया जाएगा। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री सह स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह, मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह एवं बरौनी रिफाइनरी के ईडी सत्यप्रकाश ने इसका शिलान्यास किया। अध्यक्षता रेड क्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष सह डीएम तुषार सिंगला ने की। इस अवसर घोषणा की गई कि आने वाले समय में इसी परिसर में एक उच्च कोटि का आधुनिक अस्पताल भी स्थापित किया जाएगा। वह क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को एक नई दिशा देगा। इस अवसर केंद्रीय वस्त्र मंत्री व स्थानीय सांसद गिरिराज सिंह ने कहा कि मटिहानी के सर्वांगीण विकास में विधायक राजकुमार सिंह की भूमिका अत्यंत सराहनीय रही है।
मटिहानी को हर क्षेत्र में विकसित बनाने में इन्होंने कोई कसर नहीं छोड़ी है। आज देश और बिहार में डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास की नयी इतिहास लिखी जा रही है। यदि आगामी चुनाव में भी यही सरकार दोबारा आती है तो विकास की यह निरंतरता की गति बनी रहेगी। विधायक एवं सत्ता दल के सचेतक राजकुमार सिंह ने कहा कि यह विकास कार्य सांसद, जिलाधिकारी एवं रिफाइनरी प्रबंधन के सामूहिक सहयोग, समन्वय और दूरदृष्टि के कारण संभव हो सका है। उनका उद्देश्य मटिहानी विधानसभा क्षेत्र का चहुंमुखी और सतत विकास है। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना, कृषि, युवा सशक्तीकरण और स्थानीय रोजगार के अवसरों का विस्तार प्राथमिकता में शामिल है । मटिहानी सिर्फ नक्शे पर एक विधानसभा नहीं, बल्कि बिहार के विकास मॉडल के रूप में पहचाना जाए। इसे विकास की मुख्यधारा से पूरी तरह जोड़ना ही संकल्प है। डीएम ने कहा कि इस परियोजना में प्रशासन की सक्रिय भागीदारी रही है। उनका प्रयास है कि स्वास्थ्य सुविधाएं हर जरूरतमंद तक पहुंचे। इस प्रकार के जनहितकारी कार्यों को शीघ्रता से पूरा करना हमारी प्राथमिकता है । प्रशासन सदैव सकारात्मक सहयोग के लिए तत्पर रहेगा। इस दौरान कार्यक्रम में जिला परिषद अध्यक्ष सुरेन्द्र पासवान, पूर्व मुख्य पार्षद संजय सिंह, जिला परिषद सदस्य झुन्ना सिंह, मटिहानी बीस सुत्री के अध्यक्ष अनिल चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष राजीव वर्मा, अशोक अमर, मुखिया मुरारी कुमार, पैक्स अध्यक्ष रामाधार आदि थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।