Hindi NewsBihar NewsBanka NewsDeteriorating Roads in Amarpur Accidents Rise Amidst Indifference

अमरपुर में सड़कों की स्थिति बिगड़ी, लोगों ने दुर्घटना से बचाव के लिए लगाया लाल झंडा

अमरपुर (बांका), निज संवाददाता|अमरपुर (बांका), निज संवाददाता| अमरपुर प्रखंड क्षेत्र की सड़कों की स्थिति धीरे-धीरे बदहाल होती जा रही है। सड़कों पर जगह-ज

Newswrap हिन्दुस्तान, बांकाTue, 24 June 2025 04:12 AM
share Share
Follow Us on
अमरपुर में सड़कों की स्थिति बिगड़ी, लोगों ने दुर्घटना से बचाव के लिए लगाया लाल झंडा

अमरपुर (बांका), निज संवाददाता| अमरपुर प्रखंड क्षेत्र की सड़कों की स्थिति धीरे-धीरे बदहाल होती जा रही है। सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे बन गए हैं जिससे आए दिन दुर्घटना हो रही है। लोग जान जोखिम में डालकर सड़क पर चल रहे हैं लेकिन आश्चर्य कि विभाग के अधिकारी आंख मूंदकर बैठे हुए हैं। करीब छह महीने से इंग्लिश मोड़ मादाचक की सड़क करीब एक किलोमीटर तक गढ्ढों में तब्दील हो चुकी है। ग्रामीणों के प्रदर्शन करने तथा अखबारों में खबर छपने के बाद भी अधिकारियों ने इस सड़क की सुधि नहीं ली। विभाग ने मादाचक में एक गड्ढे में मिट्टी भरवा दी तथा बाकी गड्ढों को यूं ही छोड़ दिया।

अब अमरपुर बांका पथ पर कुंडा पुल के समीप सड़क पर एक बड़ा गड्ढा बन गया है। इस गड्ढे में अक्सर बाइक चालक, ऑटो एवं ई रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। बड़े वाहनों का पहिया बड़े होने की वजह से बच जाता है। इस गड्ढे के कारण हो रही दुर्घटना को देखते हुए स्थानीय लोगों ने उक्त गड्ढे में लाल झंडा लगा दिया है ताकि वाहन चालक उस झंडे को देख सुरक्षित रह सकें। क्षेत्र के लोगों ने बताया कि अमरपुर प्रखंड मुख्यालय के ठीक सामने बनी पुलिया धंसती जा रही है। हालांकि सड़क टूटी नहीं है, पुलिया के समीप सड़क के धंसने से अब तक करीब एक दर्जन बाइक चालक यहां गिर कर जख्मी हो चुके हैं तथा इनमें से कई तो रेफर तक हो चुके हैं। क्षेत्र के लगभग सभी सड़कों की स्थिति दयनीय हो गई है। विधानसभा चुनाव नजदीक है, इसके बावजूद अधिकारियों का ध्यान सड़क की मरम्मती कराने पर नहीं है। चुनाव के समय सत्तारूढ़ दल के नेताओं को इसका जवाब देना पड़ेगा। सबसे खराब स्थिति मादाचक गांव के समीप सड़क की है। यहां करीब एक किलोमीटर तक सड़क में गड्ढे बन गए हैं। यह सड़क जिले के सुप्रसिद्ध ज्येष्ठगौरनाथ मंदिर जाने का मुख्य रास्ता है। इस रास्ते से सावन महीने में देश के विभिन्न हिस्सों के अलावा विदेशों के कांवरिया पैदल बासुकीनाथ धाम जाते हैं। इसके अलावा यह रास्ता बांका जिले को झारखंड के विभिन्न हिस्सों से जोड़ता है। इतनी महत्वपूर्ण सड़क होने के बावजूद पिछले छह महीने से इसकी मरम्मती नहीं कराई गई है। क्षेत्र के लोगों ने कुंडा पुल के समीप मुख्य सड़क पर बने गड्ढे को भरने तथा अन्य सड़कों की मरम्मती सावन महीने से पूर्व कराने की मांग की है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें