Hindi NewsBihar NewsBagaha NewsResidents of Devnagar Struggle with Basic Amenities Despite Tax Payments

सड़क पर बह रहा नाले का पानी गड्ढे और टूटे स्लैब दे रहे परेशानी

देवनगर के लोग नगर निगम में शामिल होने के बावजूद सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। सड़कें टूटी हुई हैं, स्ट्रीट लाइट्स नहीं हैं और नाले का पानी घरों में घुस जाता है। स्थानीय निवासियों ने कई बार शिकायतें...

Newswrap हिन्दुस्तान, बगहाSat, 28 June 2025 10:17 PM
share Share
Follow Us on
सड़क पर बह रहा नाले का पानी गड्ढे और टूटे स्लैब दे रहे परेशानी

 

बनूछापर स्थित नगर निगम में नव विस्तारित मोहल्ले में शुमार देवनगर के लोग सुविधाओं के अभाव में जीवन जीने के लिए मजबूर हैं। शहरी क्षेत्र में मकान बनाने के बावजूद उन्हें ग्रामीण व्यवस्था में अपना जीवन यापन करना पड़ रहा है। पहले यह इलाका बानूछापर के तहत नगर पंचायत के अधीन आता था लेकिन नगर निगम में नव अधिकृत क्षेत्र में मिलने के बाद से इसे कई सारी सुविधाएं अभी तक नहीं मिल पा रही हैं। नगर निगम की तहत मिलने वाली कोई भी सुविधा नहीं मिल पा रही है। देवनगर के लोगों का कहना है कि वे नगर निगम को टैक्स तो दे रहे हैं लेकिन सुविधा के नाम पर कुछ भी नहीं मिल रहा है।

सड़क में जगह-जगह गड्ढे हैं। स्लैब नहीं होने के कारण नाले का पानी सड़क पर आ जाता है। देवनगर के निवासी अशोक बरनवाल और विकास शुक्ला बताते हैं कि बारिश के दिनों में 4 फीट तक पानी लग जाता है। कई दिनों तक यहां पानी नहीं निकलता है। बच्चों को स्कूल पहुंचने में भी परेशानी होती है। पिछली बारिश में कई बच्चे और महिलाएं गिरकर चोटिल हो गए थे। मदन प्रसाद और रामाश्रय साह बताते हैं कि इलाके में सुविधाओं का घोर अभाव है। नगर निगम लोगों को सुविधाएं नहीं दे पा रहा है। अभी तक वार्ड में एक भी पार्क नहीं बन पाया है। बच्चे शाम के समय सड़क पर ही खेलते हैं। कारण कि यहां कोई पार्क या मैदान नहीं है। इसमें अक्सर हादसे का डर बना रहता है। 

स्ट्रीट लाइट की सुविधा भी नहीं 

स्थानीय अनिल श्रीवास्तव और एसके पांडे बताते हैं कि बिजली की सुविधा है लेकिन जहां पोल लगाया गया है वहां पर स्ट्रीट लाइट नहीं है। रात के समय में निकलने में परेशानी होती है। स्थानीय निवासी रंजीत रमन और अभिषेक मिश्रा ने बताया कि पिछली बार तत्कालीन नगर आयुक्त ने इस इलाके का दौरा किया था। पिछली बारिश में यहां 3 महीने तक लगातार पानी लगा रहा। इसको लेकर हम लोगों ने कई बार धरना प्रदर्शन किया लेकिन कोई सुनने को तैयार नहीं है। यहां मूल समस्या है कि नाले का पानी एक साइड से निकल ही नहीं सकता है, कारण कि वह पूरी तरह से जाम है। जबकि दूसरी तरफ से नाले का पानी तालाब में जाकर गिरता है। ऐसे में बारिश में जब तालाब भरा जाता है तो तालाब का पानी नाली के रास्ते होकर फिर से सड़क पर जम जाता है। तीन माह तक पानी में रहने के कारण घर के लोगों को बीमारी हो जाती है। पिछले वर्ष तो स्थिति और बदतर हो गई। पानी लगने के कारण कई लोगों के पैर में जोक घुस गया था। इस साल लोगों ने चंदा इकट्ठा करके नाले पर स्लैब रखवाया है। अब मोहल्ले वासियों का कहना है कि जब सभी काम हम लोग खुद ही कर रहे हैं तब जनप्रतिनिधि का क्या काम ? ऐसे में मोहल्ले वालों का कहना है कि जिला प्रशासन भी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है। आज कोई भी जनप्रतिनिधि हमारी समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा है न ही कोई जिम्मेदार अधिकारी। हम परेशान होने को विवश हैं। हमें जब तक नगर निगम के तहत आने वाली सुविधाएं नहीं मिल जाएंगी तब तक नगर निगम में रहने का क्या लाभ है? 

शिकायतें

1. देवनगर मोहल्ले में सड़क जगह-जगह पर टूटी होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी होती है। 

2. शाम होते ही मोहल्ले में अंधेरा छा जाता है बिजली के पोल पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगने के कारण काफी कठिनाई होती है। 

3. नाले पर स्लैब कई जगह पर टूट गया है, जिस कारण आने-जाने में भी कठिनाई होती है। पानी सड़क पर आ जाता है।

 4. बारिश के दिनों में इलाका नरक हो जाता है। नाले का पानी घरों में घुस जाता है। बीमारी फैलने की आशंका रहती है।

 5. बच्चों के खेलने कूदने के लिए पार्क की सुविधा नहीं है। मैदान भी मोहल्ले में नहीं है। बच्चों को खेलने में परेशानी होती है। 

सुझाव

1. देवनगर में पक्की सड़कों का निर्माण होना चाहिए। सड़कों के गड्ढे तत्काल भरे जाएं ताकि इस बरसात परेशानी कम हो।

 2. बच्चों के खेलने कूदने के लिए पार्क की सुविधा दी जाए। इलाके में नगर निगम के तर्ज पर विकास हो सके।

 3. इलाके में पक्के नाले का निर्माण किया जाए, जिससे की बारिश के दिनों में नाले का पानी घर में नहीं प्रवेश करें।

 4. नाले के पानी के निकलने का रास्ता नहीं है। पानी निकालने का रास्ता बनाया जाए, जिससे कि जलजमाव से मुक्ति मिले। 

5. बिजली के पोल जहां-जहां भी लगे हुए हैं, वहां-वहां स्ट्रीट लाइट की सुविधा दी जाए। बोले जिम्मेदार

 बेतिया नगर निगम क्षेत्र में जुटे नव अधग्रिहित इलाकों में जल्द ही स्ट्रीट लाइट लगा दी जाएगी। इसे लेकर नगर निगम के बोर्ड के बैठक में प्रस्ताव पारित हो चुका है। दो महीना के अंदर सभी नव अधिग्रहित वार्ड में स्ट्रीट लाइट लग जाएगी। कंपनी द्वारा स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। जल जमाव की समस्या का भी जल्द समाधान होगा। - गरिमा देवी सिकारिया, मेयर, नगर निगम

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें