Hindi NewsBihar NewsBagaha NewsMahendra Colony Faces Waterlogging Issues for Three Months During Monsoon

बारिश में 3महीने डूबी रहती हैं महेंद्र कॉलोनी की सड़कें, बांस के सहारे दौड़ रही बिजली

महेंद्र कॉलनी में जलजमाव की समस्या तीन महीने तक बनी रहती है, जिससे स्थानीय निवासियों को कठिनाई का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान, पानी सड़कों पर जमा हो जाता है और घरों में घुस जाता है। क्षेत्र के...

Newswrap हिन्दुस्तान, बगहाMon, 23 June 2025 11:47 PM
share Share
Follow Us on
बारिश में 3महीने डूबी रहती हैं महेंद्र कॉलोनी की सड़कें, बांस के सहारे दौड़ रही बिजली

महेंद्र कॉलनी में जलजमाव की समस्या से तीन महीने तक लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है। बरसात शुरू होते ही लोगों की समस्या बढ़ जाती है। स्थानीय निवासी सेवानिवृत्त इंजीनियर सचिदानंद भारद्वाज बताते हैं कि महेंद्र कॉलोनी इस इलाके की सबसे पुरानी कॉलोनी है। पहले यहां पर जलजमाव की समस्या नहीं रहती थी। महेंद्र कॉलोनी के उत्तर से संत कबीर रोड गुजरता है। दक्षिण से मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड गुजरता है। संत कबीर रोड को कुछ साल पहले चौड़ा किया गया। इस दौरान सड़क उंची हो गयी। सड़क किनारे नाले का निर्माण हुआ। नाला भी महेंद्र कॉलोनी की जमीन से उंचा हो गया।

मुजफ्फरपुर-नरकटियागंज रेलखंड के दोहरीकरण के दौरान निर्माण कार्य होने से उस तरफ से भी जमीन उंची हो गयी है। मोहल्ले के अजय पांडेय, अजय कुमार तिवारी, कविता मिश्रा, रेणु झा, वैद्यनाथ सिंह, राजकुमार पांडेय आदि का कहना है कि हर तरफ से जमीन ऊंची होने के कारण कॉलोनी में पानी जमने लगा है। हालत यह हो जाती है कि तीन माह तक नाले का पानी कॉलोनी की सभी सड़कों पर जमा रहता है। घरों में भी गंदा पानी प्रवेश कर जाता है। दुर्गापूजा से पहले पानी निकलता है तो मोहल्ले में कीचड़ व बदबू के कारण रहना मुश्किल हो जाता है। इनकी शिकायत है कि नगर प्रशासन इस समस्या के प्रति गंभीर नहीं है। महेंद्र कॉलनी के विनोद कुमार मिश्रा बताते हैं कि उनके घर वाली गली में एक भी जगह पर बिजली का पोल नहीं लगा है। घर में बिजली कनेक्शन के लिए तार लाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। यह समस्या उस गली के अन्य लोगों के साथ भी है। मैं अब बूढ़ा हो गया हूं परंतु इस उम्र में भी बिजली का पोल लगवाने के लिए दर्जनों बार बिजली विभाग के कार्यालय का चक्कर काटना पड़ा फिर भी इस समस्या का समाधान नहीं हो पाया। बिजली विभाग के जेई से मिलने पर उचित जवाब नहीं मिलता है। स्थानीय निवासी राजकिशोर पांडेय बताते हैं कि जलजमाव की समस्या के चलते तीन महीने तक लोगों को जीवन-यापन में परेशानी का सामना करना पड़ता है। घर से बाहर निकलने में कई बार सोचना पड़ता है। बच्चों को स्कूल के लिए छोड़ते वक्त उन्हें गोद में उठाकर मुख्य सड़क पर ले जाना पड़ता है। वहीं पर उन्हें स्कूल ड्रेस का जूता-मोजा पहनाया जाता है। बरसात के दिनों में यह डर बना रहता है कि छोटे बच्चे पानी से भरी सड़कों पर गिर न जाए या कोई हादसा न हो जाए। गृहणी रेणु मिश्रा बताती हैं कि बरसात के दिनों में गलियों में घुटने भर पानी रहता है। नाले का पानी घरों में घुस जाता है। बदबू व जलजमाव के कारण दिक्कत होती है। शाम होते ही मोहल्ले में अंधेरा छा जाता है। सड़कों पर स्ट्रीट लाइट नहीं लगी है। मच्छरों का प्रकोप हमेशा रहता है। मच्छरों से निजात को कभी फॉगिंग नहीं करायी गयी है। सुरेद्र राव बताते हैं कि मोहल्ले में पहले से बनायी गयी नाली की गहरायी व चौड़ाई काफी कम है जो जलजमाव की समस्या को बढ़ा देती है। कुछ जगहों पर नाले का निर्माण आज तक नहीं हो पाया है।

 शिकायतें

 1. महेन्द्र कॉलोनी में बिजली का पोल नहीं होने के कारण लोगों को बांस के सहारे बिजली का कनेक्शन लेना पड़ता है

।  2. नियमित रूप से फॉगिंग नहीं होने के कारण गर्मी के दिनों में मच्छरों का प्रकोप काफी बढ़ गया है। 

3. बरसात के दिनों में तीन महीने तक सड़कों पर जलजमाव रहता है। इस कारण घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। 

4. जलजमाव के कारण बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी होती है। छोटे बच्चों का स्कूल जाना बंद हो जाता है।

 5. नियमित रुप से नाले की साफ-सफाई नहीं होने के कारण गंदगी रहती है। इससे संक्रमण का खतरा बना रहता है।

 सुझाव

 1. बिजली विभाग को जल्द ही यहां पोल लगाने की व्यवस्था करनी चाहिए। इससे लोगों को राहत मिलेगी। 

2. निगम प्रशासन को इलाके में नियमित रुप से फॉगिंग करानी चाहिए। इससे मच्छरों का प्रकोप कम हो जाएगा।

 3. इलाके में नालों की साफ-सफाई नियमित रुप से होना चाहिए जिससे जलजमाव नहीं हो और संक्रमण का खतरा कम हो।

 4. बारिश के दिन में जलजमाव की समस्या से निजात दिलाने के लिए निगम को स्थायी तौर पर पहल करनी चाहिए।

 5. यहां पर निचले इलाकों में काम करने की जरूरत है। इसे समतल बनाने से लोगों की परेशानी कम हो जाएगी।

 बोले जिम्मेदार

जहां कहीं भी सड़के टूटी हुई है वहां के लिए योजनाएं बनायी जा रही है। नगर निगम बोर्ड की बैठक में उसे पास करके जल्द से जल्द सभी वार्डों में खराब सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए वार्ड पार्षदों से भी सुझाव मांगा जा रहा है। नगर निगम प्रशासन द्वारा स्वच्छ और सुंदर बेतिया के लिए सड़कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। - गरिमा देवी सिकरिया , मेयर नगर निगम

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें