पटना आ रहे बाबा बागेश्वर, गांधी मैदान में सनातन महाकुंभ में कथा कहेंगे; अश्विनी चौबे संरक्षक
बिहार में बाबा बागेश्वर के भक्तों की संख्या बहुत है। उनके आगमन और स्वागत की तैयारी जोर शोर से चल रही है।

बागेश्वर बाबा के नाम से विख्यात पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भक्तों के लिए खुशखबरी है। वे फिर बिहार आ रहे हैं। छह जुलाई को पटना के गांधी मैदान में वे हनुमत कथा कहेंगे। दरअसल पटना के गांधी मैदान में सनातन महाकुंभ का आयोजन किया गया है। इस महाआयोजन में बागेश्वर सरकार 6 जुलाई को भाग लेंगे। बिहार में बाबा के आगमन और स्वागत की तैयारी जोर शोर से चल रही है। इससे पहले मई महीने में मुजफ्फरपुर में बागेश्वर सरकार आए थे और एक महायज्ञ में शामिल होकर कथावाचन किया।
सनातन महाकुंभ में लोगों को निमंत्रण देने के लिए रथ रवाना किया गया है। जो बिहार के विभिन्न जिलों में घुमेगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे की इस आयोजन में बड़ी भूमिका है। वे इस आयोजन के संरक्षक हैं। इसका आयोजन श्रीराम कर्मभूमि न्यास की ओर से कराया जा रहा है। जगतगुरू रामभद्राचार्य जी भी इसमें शामिल होंगे। इनके अलावे कई नामचीन साधु संत भी शामिल होंगे। बागेश्वर बाबा चार्टर विमान से पटना पहुंचेंगे। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के समापन मौके पर 6 जुलाई को धीरेंद्र शास्त्री पटना आ रहे हैं।
बागेश्वर बाबा जब भी बिहार आते हैं, उनके चाहने वालों का सैलाब उमड़ पड़ता है। पहले भी वे पटना आ चुके हैं। ग्रामीण क्षेत्र के तरेत मठ में सात दिवसीय यज्ञ का आयोजन किया गया था।बागेश्वर बाबा ने पांच दिनों तक कथा वाचन किया। भीड़ ऐसी उमड़ी कि लोग देखते रह गए। उनके पटना आगमन पर राजनीति भी जमकर हुई थी। बागेश्वर बाबा ने कहा था कि भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने में बिहार की बड़ी भूमिका होगी। उन्होंने बिहार के पागलों कहकर संबोधित किया था।