अररिया : महादलित टोला जाने वाली अधूरे सड़क का निर्माण कार्य जल्द हो पूरा
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की भरगामा इकाई ने शुक्रवार को छह सूत्री मांगों के समर्थन में धरना-प्रदर्शन किया। प्रमुख मांगों में भूमिहीन परिवारों को जमीन उपलब्ध कराने और अधूरी सड़कें पूरी कराने की...
भरगामा, एक संवाददाता। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) की भरगामा इकाई ने शुक्रवार को छह सूत्री मांगों के समर्थन में प्रखंड मुख्यालय परिसर में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाकपा अंचल परिषद के सचिव अशोक श्रीवास्तव ने की। धरना-प्रदर्शन के उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी को छह सूत्री ज्ञापन सौंपते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। मुख्य मांगों में खजूरी पंचायत के महादलित टोला (वार्ड 12), शंकरपुर (वार्ड 7), नवटोल धनेश्वरी (वार्ड 12 व 13) और शंकरपुर संथाली टोला (वार्ड 3) के भूमिहीन परिवारों को 5 डिसमिल जमीन उपलब्ध कराने, खजूरी पंचायत के थरुवा वार्ड (12) में अशोक मंडल के घर के पास महादलित टोला तक जाने वाली अधूरी पक्की सड़क को अविलंब पूरा कराने, प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में निर्मित सरकार भवनों की जांच कर उपयोग सुनिश्चित करना आदि मांग शामिल है।
धरना स्थल पर भाकपा जिला सचिव मंडल सदस्य गेनालाल महतो, खेत मजदूर काउंसिल के राज्य नेता गिरानंद पासवान, महिला समाज की जिला अध्यक्ष देवकी देवी, भूदेव उरांव, अशोक मंडल, ज्ञान देवी, रंजू देवी, प्रकाश उरांव, रेखा देवी सहित दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान वक्ताओं ने अंचल कार्यालय में दाखिल-खारिज के मामलों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्व कर्मचारी दलालों के साथ मिलकर अवैध वसूली कर रहे हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।