एक-एक कर कुएं में उतरे एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, वैशाली में दुखद हादसा
वैशाली जिले के चांदपुर में कुएं में उतरने के बाद एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एक व्यक्ति पहले कुएं में गिर गया, उसे बचाने के लिए एक-एक कर दो और लोग उतरे। कुएं में जहरीली गैस होने के चलते तीनों की दम घुटने से मौत हो गई।

बिहार के वैशाली जिले में गुरुवार को कुएं में उतरने के बाद एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हो गई। यह घटना देसरी प्रखंड क्षेत्र के जहांगीरपुर में बुधवार को हुई। बताया जा रहा है कि पहले एक शख्स कुएं में गिरा, फिर उसे बचाने के लिए एक-एक कर दो और लोग अंदर उतरे। कुएं में जहरीली गैस भरी हुई थी, जिससे उनका दम घुट गया और तीनों की मौत हो गई। सभी मृतक आपस में चाचा-भतीजा थे।
मृतकों की पहचान में विशुन राय के 50 वर्षीय पुत्र विंदेश्वर राय, विरा राय के 25 वर्षीय पुत्र विकास कुमार और सुरेंद्र राय के 21 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में कोहराम मच गया और परिजन को रो-रो कर बुरा हाल है। मौके पर पहुंचे चांदपुरा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार वर्मा ने तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया।
घटना को लेकर परिजन और ग्रामीणों ने बताया कि विंदेश्वर राय खेतों से काम कर दोपहर में घर आए और दरवाजा के पास स्थित कुआं पर लगे चापाकल पर हाथ पैर धोने लगे। उसी दौरान उनकी नजर कुएं के पास उगी झाड़ियों पर पड़ी। वे उसे उखाड़ रहे थे, तो उनका पैर फिसल गया और वे कुएं में गिर गए।
उनके गिरने की आवाज आने पर परिजन चिल्लाने लगे। शोर सुनकर सबसे पहले विंदेश्वर के भतीजे सुरेंद्र राय का बेटा रोहित रस्सी के सहारे कुएं में गया। जहरीली गैस होने के चलते वह अंदर ही बेहोश हो गया। इसके बाद चचेरा भाई विकास कुमार भी उतरा लेकिन वह भी अंदर रह गया। दम घुटने से तीनों की मौत हो गई।
हादसे की खबर मिलते ही मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। चांदपुरा थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार वर्मा थानाध्यक्ष टीम के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से बड़ी मशक्कत के बाद तीनों शवों को बाहर निकाला गया। उसके बाद पोस्टमार्टम के लिए उन्हें हाजीपुर भेजा गया।
रोहित की 6 महीने पहले ही हुई थी शादी
मृतक सुरेंद्र राय के 21 वर्षीय पुत्र रोहित कुमार की 6 माह पहले दिसंबर 2024 में ही शादी हुई था। अभी उसका परिवार बसा भी नहीं था की उजड़ गया। रोहित तीन भाइयों में सबसे छोटा था। घटना के बाद पत्नी मनीषा कुमारी, मां सीता देवी, भाई रवि कुमार, राहुल कुमार का रो-रो कर बुरा हाल है।
दूसरी ओर 25 साल का विकास राय भी अपने पीछे पत्नी और दो मासूम बच्चों को छोड़ गया है। उसका एक बेटा 8 महीने का तो दूसरा 3 साल का है। 10 महीने पहले ही विकास ने अपने नए मकान में प्रवेश किया था। विकास की मौत के बाद पत्नी सदमे में है।